प्रदेश में मौसम में लगातार ठंड बढ़ रही है। मंगलवार को हिसार में ठंड अत्याधिक रही। तीन दिन से धूप नहीं निकलने से भी लोग घर में रहने को मजबूर है। 24 घंटे में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री नीचे आ गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया है। सबसे अहम बात यह है कि राज्य के सभी 22 जिलों में दिन का पारा 14 डिग्री और रात का पारा 10 डिग्री से नीचे ही रहा।
हरियाणा में चौथे दिन प्रदेश के अधिकांश जिलों में धूप नहीं निकली। इस कारण से तीन जिले हिसार, फतेहाबाद व करनाल में कड़ाके की ठंड से लोगों को काफी परेशानी हुई। अंबाला और रोहतक में भी ऐसे ही हालात रहे। करनाल में दिन का तापमान 9.1 डिग्री, महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री रहा। यह तापमान शिमला से भी कम है। वहीं प्रदेश के पंचकूला, अंबाला, यमुनागनर, कुरुक्षेत्र, कैथल, यमुनानगर जिले में घना कोहरा और अत्याधिक ठंड होने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी कर घना कोहरा छाने की संभावना व्यक्त की है।
चार दिन राहत की उम्मीद नहीं
चंडीगढ़ मौसम विभाग के मुताबिक अभी चार दिन और राहत की उम्मीद नहीं है। पहाड़ों से बर्फीली हवाएं लगातार चल रही हैं, इससे दिन में ठिठुरन और ज्यादा महसूस की जाएगी। 3 जनवरी को भी हरियाणा में कुछ स्थानों में सीवियर कोल्ड डे का पूर्वानुमान है। हालांकि धुंध से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने तीन जनवरी यानी आज के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।

रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम का कहना है कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 6 जनवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान हल्की गति से उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने की संभावना है, जिससे राज्य में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी रहने लेकिन रात्रि तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है। इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों अलसुबह धुंध रहने की संभावना है।
3 महीने होगी सामान्य बारिश
मौसम विभाग ने बारिश व तापमान को लेकर अगले तीन महीने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक जनवरी-मार्च तक सामान्य बारिश के आसार हैं। जनवरी में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है। वहीं, जनवरी में न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जाएगा। इसका मतलब है कि रातों में ज्यादा ठंड नहीं रहेगी। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। यानी दिन ठंडे रहेंगे।