हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा के बाद से ही पुलिस आरोपियों पर एक्शन ले रही है। इसी कड़ी में नूंह पुलिस को एक अहम कामयाबी मिली है। पुलिस ने हिंसा में शामिल आरोपी ओसामा उर्फ पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में भागने का प्रयास कर रहे आरोपी के पैर में गोली लग गई।
आरोपी को घायल अवस्था में नल्हड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसको ऑपरेशन करके निकाल दिया गया है। अब तक नूंह में हिंसा के मामले में 61 FIR दर्ज की जा चुकी हैं, जिसमें 292 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
गोली लगने के बाद किया गिरफ्तार
साइबर क्राइम थाना नूंह के निरीक्षक विमल को सूचना मिली कि नल्हड़ आगजनी का आरोपी बाइक से गांव फिरोजपुर नमक से आली मेव जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दी। खतरा भांपते हुए आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में आरोपी ओसामा उर्फ पहलवान निवासी फिरोजपुर नमक के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से एक अवैध देशी कट्टा, एक खाली रौंद
नूंह पुलिस के अनुसार, आरोपी ओसामा को इलाज के लिए नल्हड़ मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके पास से एक अवैध देसी कट्टा, 1 खाली राउंड और एक मोटर साइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को उजीना नहर नाले के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है।
61 FIR में 292 की गिरफ्तारी
हरियाणा के नूंह में हुई ब्रज मंडल हिंसा मामले में अब तक 61 मामले दर्ज किए गए जा चुके हैं। इनमें 49 हिंसा के और 12 सोशल मीडिया अफवाल फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। नूंह पुलिस के अनुसार दर्ज एफआईआर में 292 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के मामले में 1 गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अधीक्षक नूंह ने आम लोगों से कहा कि वो अफवाह पर ध्यान ना दे, अफवाह फैलाने वाले से नूंह पुलिस सख्ती से निपटेगी।
दो दिन पहले किया था आरोपी आमिर को गिरफ्तार
दो दिन पहले पुलिस ने नूंह हिंसा के मुख्य आरोपी आमिर को अरावली के पहाड़ तावडू में बने खंडहर से गिरफ्तार किया था। आमिर को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम ने घेराबंदी थी। इस दौरान आमिर पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस दौरान आमिर ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान आमिर घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती किया है। आमिर के पास से पुलिस को एक तमंचा और 5 राउंड भी बरामद हुए हैं।

