➤रात 10 बजे बास खुर्द में युवक पर दो युवकों ने किया हमला
➤पिस्तौल से कार पर की फायरिंग, युवक ने भागकर बचाई जान
➤पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की
हिसार के बास खुर्द गांव में मंगलवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ। गांव निवासी धर्मेंद्र नामक युवक पर गांव के ही दो युवकों ने पहले मारपीट की और फिर उसकी गाड़ी पर पिस्तौल से फायर किया। गनीमत रही कि गोली युवक को न लगकर गाड़ी पर लगी और वह मौके से भाग निकला।
पुलिस में दी शिकायत के अनुसार, धर्मेंद्र रात करीब 10 बजे सोरखी बस अड्डे पर अपनी गाड़ी में बैठा था। तभी उसे गांव के संदीप उर्फ बच्ची का वॉट्सऐप कॉल आया। संदीप ने उसे बडाला रोड पर मिलने के लिए बुलाया। धर्मेंद्र जब वहां पहुंचा, तो उसने देखा कि एक स्विफ्ट डिजायर कार में संदीप और उसका साथी प्रवीण पहले से मौजूद थे। धर्मेंद्र के अनुसार, दोनों युवक शराब के नशे में थे।
धर्मेंद्र जैसे ही कार के पास पहुंचा, दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कहा, “तू बहुत बड़ा बदमाश बनता है।” इसके बाद दोनों ने धर्मेंद्र से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान संदीप ने पिस्तौल निकालकर उस पर फायर कर दिया। गोली धर्मेंद्र की कार में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर धर्मेंद्र डर गया और अपनी गाड़ी लेकर मौके से भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही बास थाना पुलिस की टीम, एसआई महेंद्र सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने धर्मेंद्र की गाड़ी की जांच की, जिसमें गोली लगने के निशान पाए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों संदीप उर्फ बच्ची और प्रवीण के खिलाफ IPC की धारा 109, 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सीन ऑफ क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है। मामले की जांच बास थाना के एएसआई वीरेंद्र को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे और मामले की तह तक जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में घटना के बाद से दहशत का माहौल बना हुआ है।

