नेशनल हाईवे पर युवक को मारी सात गोलियां, मौके पर ही तोड़ा दम

पलवल

भैंसरावली गांव से निजी कार्य के लिए बाइक पर सवार होकर पलवल की ओर आ रहे एक युवक की नेशनल हाईवे-19 पर आल्हापुर गांव के निकट गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि मृतक के सीने पर सात गोलियों के निशान थे। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया।
 
भवनकुंड चौकी प्रभारी कैलाशचंद के अनुसार जिला फरीदाबाद के भैंसरावली गांव निवासी खैमचंद ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसके तीन बेटे हैं। मृतक सचिन उनका सबसे बड़ा बेटा था।

सचिन शुक्रवार को साढ़े पांच बजे घर से बाइक लेकर पलवल जाने की बात कहकर गया था। देर रात उन्हें भवनकुंड चौकी से फोन पर सूचना मिली कि सचिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

सूचना मिलने पर पीड़ित का परिवार आसपास के लोगों के साथ भवनकुंड पुलिस चौकी पहुंचा। मृतक के पिता ने जिला नागरिक अस्पताल में शव की पहचान की।

Whatsapp Channel Join

मृतक के पिता ने कहा कि उसके बेटे की हत्या में कम से कम तीन से चार व्यक्ति शामिल हैं। शिकायत में यह भी बताया गया है कि उसका बेटा बाइक पर घर से अकेला ही निकला था।

पुलिस ने पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।