Lok Sabha Elections 2024 : हरियाणा में लोकसभा चुनाव को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में तीन जिलों के प्रत्याशियों को शामिल किया गया है। इनेलो ने इनमें फरीदाबाद सीट से अनूप सिंह दहिया, सिरसा से संदीप लोट और सोनीपत सीट से सुनील तेवतिया को चुनावी रण में उतारा है।
वहीं इनेलो का कहना है कि प्रदेश की करनाल लोकसभा सीट पर पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ कांग्रेस को समर्थन देगी। इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला का कहना है कि यदि कांग्रेस करनाल से वीरेंद्र मराठा को टिकट देती है तो इनेलो यहां से अपना प्रत्याशी घोषित नहीं करेगी। लोकसभा चुनाव में वीरेंद्र मराठा का खुलकर समर्थन किया जाएगा।
अभय सिंह चौटाला का कहना है कि इनेलो पहले तीन उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। आज तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। बाकी बचे उम्मीदवारों के नाम 26 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे। वह कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से 1 मई को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। अभय चौटाला ने बताया कि महिला सर्वखाप पंचायत की अध्यक्ष संतोष दहिया ने इनेलो को अपना समर्थन दिया है। वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) को लेकर भी हमारा समर्थन था। इसके बाद वह सैनिकों से मिले और उन्होंने भी हमें समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि मेनिफेस्टों में सैनिकों की मांगों को शामिल किया जाएगा। ओआरओपी लागू करके अग्निवीर योजना को खत्म करने की मांग रखी गई है। सैनिक स्कूल के निजीकरण पर पाबंदी लगवाई जाएगी, विधवा पेंशन पर कोई कटौती नहीं होगी।
साथ ही अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो ने अभी रोहतक सीट पर प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं किया है। वहीं पार्टी सूत्रों की मानें तो भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट पर पार्टी कोई ब्राह्मण चेहरा सामने ला सकती है। बता दें कि इनेलो इससे पहले 3 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार चुकी है। इनमें हिसार से सुनैना चौटाला, कुरूक्षेत्र से अभय चौटाला और अंबाला से सिख चेहरे के तौर पर गुरप्रीत सिंह गिल को टिकट दिया गया है।
बता दें कि हिसार सीट पर अब चाचा ससुर रणजीत चौटाला का 2 बहुओं के साथ मुकाबला होने जा रहा है। रणजीत को भाजपा ने टिकट दिया है, जबकि जजपा से नैना चौटाला और इनेलो से सुनैना चौटाला हिसार के चुनावी रण में उतरी हैं। बता दें कि नैना और सुनैना दोनों चौटाला परिवार की बहुएं हैं और रणजीत चौटाला रिश्ते में दोनों के चाचा ससुर हैं। अब हिसार सीट पर एक ही परिवार के 3 सदस्य अपना भाग्य आजमाकर भविष्य घड़ना चाहते हैं।