Lok Sabha Elections 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर उम्मीदवारों के नाम पर मोहर लगवाने के लिए आज एक बार फिर से हरियाणा कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में प्रत्याशियों के नाम फाइनल करके कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति को रिपोर्ट भेजी जाएगी। हरियाणा कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की होने वाली बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास की अध्यक्षता में होगी। सूत्रों की मानें तो स्क्रीनिंग कमेटी में नाम फाइनल कर कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
गौरतलब है कि जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव की नजदीकियां बढ़ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक पार्टियों की गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं। लोकसभा चुनाव के चलते भाजपा ने हरियाणा में सभी 10 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। वहीं दूसरी ओर इंडिया गठबंधन (कांग्रेस-आप) ने महज एक सीट कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर ही उम्मीदवार का ऐलान किया है। शेष 9 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ने वाली है। प्रदेश में 25 मई को मतदान होने हैं, लेकिन कांग्रेस अभी तक एक भी सीट पर उम्मीदवार का ऐलान नहीं कर पाई है। हालांकि पार्टी में सीट को लेकर मंथन का दौर जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार 12 अप्रैल को दिल्ली में हरियाणा कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होने जा रही है। जिसमें लोकसभा प्रत्याशियों की फाइनल सूची पर मुहर लग सकती है।

बता दें कि लोकसभा चुनाव को लेकर आए दिन कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हो रही है। एक बार फिर से शनिवार 13 अप्रैल को कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने वाली है। संभावना जताई जा रही है कि इस बैठक में हरियाणा कांग्रेस के उम्मीदवारों पर चर्चा हो सकती है। बता दें कि इससे पहले कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में हरियाणा के 9 सीटों के लिए 18 नाम भेजे गए थे। जिसमें हरियाणा कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी को एक सीट पर एक नाम फाइनल करके लाने के लिए कहा गया था।

