आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने रविवार को दावा किया कि आप नेता जावेद अहमद पर दर्ज मुकदमा झूठा है। सरकार निर्दोष को फंसाकर उनकी छवि खराब करना चाहती है।
उन्होंने दावा किया कि आप नेता जावेद अहमद घटना के समय पुन्हाना में था, वहीं इसकी सारी रिकॉर्डिंग मुंबई हाइवे के सीसी टीवी कैमरों में दर्ज है। इसमें उनके जाने की वीडियो और अपने रिश्तेदार के यहां पहुंचने के वीडियो भी हैं।
जिस समय की घटना है, उस समय से 3 घंटे पहले ही करीब 7 बजे जावेद अहमद सोहना से निकल गया था। वहीं 1 अगस्त को सुबह 8 बजे वापस अपने घर आया था, घटना के समय लगभग 100 किलोमीटर दूर था।
सुशील गुप्ता ने कहा कि जावेद ने तो समुदाय के लोगों से भी शांति बनाने को लेकर बात की। वो खुद पुलिस के पास गया और सारे सबूत पुलिस को सौंपे। आम आदमी पार्टी भी मांग करती है, ऐसे कृत्य के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

