हरियाणा के जिला पानीपत के हलका समालखा में महिला की पिटाई से किन्नर की मौत का मामला सामने आया है। पिटाई का कारण महिला के पति और किन्नर के बीच काफी समय से अवैध संबंध बताए जा रहे हैं। महिला ने किन्नर को तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। किन्नर को बेहोशी की हालत में इलाज के लिए पानीपत के नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
नागरिक अस्पताल में चिकित्सक ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद खानपुर कलां स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान किन्नर की मौत हो गई। मृतक की पहचान समालखा निवासी अनिल किन्नर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनिल किन्नर के समालखा निवासी काला नाम के व्यक्ति के साथ कई वर्ष से अवैध संबंध थे। दोनों के संबंधों के बारे में काले की पत्नी गीता को पता लग गया था। उसने दोनों को कई बार समझाया, लेकिन दोनों ने गीता की बातों को अनसुना कर दिया। वहीं मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस की ओर से परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
समझाने के बावजूद संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़े गए थे दोनों
महिला की ओर से अनिल किन्नर और पति काला को कई बार समझाने के बावजूद दोनों अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे। दोनों की मुलाकात का सिलसिला बढ़ने लगा था। अनिल किन्नर और काला दिन में कई बार मिलने लगे। इसके बाद गीता मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। वहीं कुछ दिन पहले गीता ने अपने पति और किन्नर को संदिग्ध परिस्थितियों में रंगे हाथ पकड़ा था। इसके बावजूद दोनों के संबंध बरकरार थे। गीता दोनों की हरकतों से ज्यादा तंग रहने लगी।
पति से किया गाली-गलौज, किन्नर को पीटा
जब महिला का पति और किन्नर दोनों अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो महिला ने दोनों की हरकतों से तंग आकर पति के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद महिला ने गुस्से में आकर किन्नर की खूब पिटाई की। जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद अनिल किन्नर को इलाज के लिए खानपुर कलां स्थित मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया था। जिसने शनिवार देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।