पानीपत शहर की साईं कॉलोनी में मंगलवार को पति ने पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी पति शराब पीने का आदी है। जो अपनी पत्नी से शराब के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं देने पर उसने पत्नी के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और वहां से फरार हो गया। खून से लथपथ हालत में महिला को उसका भाई अस्पताल लेकर गया। जहां से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। रोहतक में डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार चांदनीबाग थाना प्रभारी का कहना है कि मृतक महिला के भाई के बयान के आधार पर पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को निंबरी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है। परिवार वालों ने समझाया भी था नहीं माना। पुलिस को दी शिकायत में गगनदीप ने बताया कि वह एकता विहार कॉलोनी का रहने वाला है। उसकी बहन पारुल पत्नी अजय निवासी साईं कॉलोनी में अपने परिवार सहित रहती थी। वह दो बेटों की मां थी। जीजा अजय अक्सर शराब के लिए पैसे को लेकर उसकी बहन से झगड़ा करता था। पैसे न देने पर उससे मारपीट करता था।
इन बातों को लेकर परिवार के सभी लोगों ने उसे खूब समझाया, लेकिन वह अपनी आदतों से बाज नहीं आया। वह पारुल से रंजिश रखने लगा। गगनदीप ने बताया कि 12 मार्च को उसके पास भांजे पारस उर्फ पन्नू ने फोन किया। जिसने बताया कि पिता, मां के साथ झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वह दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बहन के घर पहुंचा। जब वह पहुंचा तो अजय घर से निकल कर गली में जाता हुआ दिखाई दिया। गगनदीप अंदर गया तो बहन पारुल कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई थी।
ईंट से किए कई वार
घायल अवस्था में पारुल ने बताया था कि उसके सिर में अजय ने ईंट से काफी चोट मारी है। वह तुरंत पारुल को वहां से संजय चौक स्थित एक निजी अस्पताल ले गया। जहां से दूसरे अस्पताल ले जाने को कहा। दूसरे निजी अस्पताल ले गया रतो उन्होंने सिविल अस्पताल ले जाने को कहा। सिविल अस्पताल से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। रोहतक पीजीआई ले गए, जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गगनदीप ने बताया कि पारुल की शादी करीब 18 साल पहले हुई थी। जिसके दो बेटे है जिनका नाम 17 वर्षीय पारस उर्फ पन्नू और 14 वर्षीय हर्षित हैं। गगनदीप ने बताया कि उसे बहन की सूचना भांजे पारस ने दी थी।