हरियाणा के Panipat जिले में गुरुवार की सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने सड़क पर खेल रही दो साल की एक बच्ची को कुचल दिया। हादसा गांव मतरौली का बताया जा रहा है।हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा तो आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया। हादसे के बाद बेहोश हुई बच्ची को उसके पिता तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पंचनामा भरवा कर शवगृह में रख दिया गया। पुलिस ने मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा बापौली थाना क्षेत्र के गांव मतरौली का है। यहां सुभाष की तीन बेटियां हैं। उसकी सबसे छोटी बेटी 2 वर्षीय तान्या थी। वह गुरुवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे घर के बाहर सड़क पर खेल रही थी। इसी दौरान समालखा के आटा गांव में स्थित चंदन बाल विकास स्कूल की बस तेज रफ्तार से आई और बच्ची को कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर एकजुट होकर आरोपी बस चालक को भी मौके पर रोक लिया। पुलिस बुलाकर उनके हवाले कर दिया गया।






