(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) Panipat के गांव देहरा में नव वर्ष के उपलक्ष्य में श्री धूणा गोरख मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंदिर के संचालक विनोद नाथ ने दो सौ जरूरतमंदों को कंबल और अन्य सामग्रियां वितरित की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इंसान को हमेशा इंसानियत से जुड़ा रहना चाहिए, क्योंकि सभी धर्मों में इंसानियत को ईश्वर की सेवा माना गया है।

विनोद नाथ ने यह भी कहा कि समाज और राष्ट्र की सशक्ति के लिए सभी को सच्चे मन से सेवा करनी चाहिए। भंडारे से पूर्व नफे नाथ के मार्गदर्शन में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर आहुति दी और मानव कल्याण की कामना की। इस अवसर पर संजय, सतीश, साहब सिंह, राजेश, प्रमोद और रामनिवास उपस्थित रहे।

नव वर्ष के मौके पर सैनी सेवा ट्रस्ट द्वारा एक विकलांग व्यक्ति को ट्राई साइकिल और 80 राहगीरों को जूते, कंबल, गरम जैकेट और हॉट बैग वितरित किए गए। ट्रस्ट के संस्थापक कर्ण सिंह सैनी ने इस कार्य की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि इंसान को हमेशा एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए और नशे से दूर रहना चाहिए। इस अवसर पर नवीन चौहान, राकेश ठेकेदार, सुरजीत, वीरेंद्र और मोहनलाल सैनी भी उपस्थित रहे।