हरियाणा के जिला पानीपत में एक युवक से विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये ठगी का मामला सामने आया है। गांव ऊंटला निवासी एक युवक के साथ विदेश भेजने के नाम पर ठगी की गई है। हिमाचल प्रदेश और गाजियाबाद के दो लोगों ने युवक से 2 लाख 90 हजार रुपये एडवांस ले लिए। इसके बाद उसे फर्जी पासपोर्ट थमा दिया। जिसके बाद ठगी का खुलासा हुआ। आरोप है कि जब युवक ने उनसे रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। जिसकी शिकायत युवक ने पुलिस अधीक्षक को दी। इसके बाद शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज किया गया।
पुलिस को दी शिकायत में सचिन ने आरोप लगाया कि वह पानीपत के गांव ऊंटला का रहने वाला है और प्राइवेट नौकरी करता है। वह पहले भी विदेश जा चुका है। इस दौरान वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात अजय संगल निवासी गांव बनी खास तहसील बड़सर जिला हमीरपुर हिमाचल प्रदेश और मोहित अग्रवाल निवासी गाजियाबाद के साथ हुई थी। दोनों ने उसे कहा था कि वह विदेश भेजने का काम करते हैं। इसके बाद उन्होंने उसे माल्टा (सेनिगन जोन) में 3 महीने के भीतर भेजने की बात कहीं।

आरोप है कि इसके बाद उन्होंने विदेश भेजने के लिए 5 लाख रुपये का खर्चा बताया। युवक ने उनकी बातों पर यकीन करते हुए 2 मई को 40 हजार रुपये अपने खाते से ट्रांसफर किए। 1 अक्तूबर को पिता बलदेव के खाते से 2 लाख रुपये दिए। इसके बाद 50 हजार रुपये नकदी भी दी गई। इतनी राशि लेने के बाद ठगों ने उसे उसका पासपोर्ट और वीजा दे दिया।
उन्होंने कहा कि यह वीजा 15 अप्रैल 2021 से 14 अप्रैल 2031 तक मान्यता प्राप्त है। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसे विदेश भेजने के नाम पर 2.90 लाख रुपये लेकर फर्जी वीजा थमा दिया। अब वह दोनों को फोन करता है तो दोनों का मोबाइल स्विच ऑफ आता है। एक बार आरोपी अजय संगल ने फोन का जवाब देते हुए कहा था कि अगर अब वह उनके पास कॉल करेगा तो वह उसे जान से मार देंगे।

