शहर में सगे भाई के खाते में 3 चैक भरकर व फर्जी हस्ताक्षर करके बैंक में लगाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। जिसमें बैंक खाते में राशि न होने के कारण जानकारी बैंक अधिकारियों ने खाता धारक तक पहुंचाई। बैंक खाता धारक ने पुलिस को शिकायत दी तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की।
चांदनीबाग थाना पुलिस को दी शिकायत में सैक्टर 12 वासी संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वह कैमिकल का व्यापार करता है और उसका सगा भाई राजेश कुमार है, जिसका घर पर आना जाना भी है। संजय ने बताया कि उसका भाई एक धोखाधड़ी करने वाला इंसान है।
संजय पिछले काफी समय से अपनी पत्नी के इलाज के लिए दिल्ली में रह रहा है। उसने अपने भाई राजेश को घर की रखवाली के लिए कह दिया था। राजेश ने परिवार की गैर मौजूदगी में घर में अलमारी की तलाशी ली और उसमें से चैक बुक निकालकर फर्जी हस्ताक्षर कर लिए।
50-50 लाख की भरी राशि
संजय ने बताया कि फर्म के नाम 3 चैकों पर राजेश ने 50-50 लाख का अमाउंट भी भर लिया। पिछले 4 साल से मेरा यह बैंक अकाउंट बंद पड़ा है। आरोपी द्वारा जैसे ही बैंक खाते में चैक लगाने का प्रयास किया, तो बैंक अधिकारियों ने चैक वापिस करते हुए हमें जानकारी दी।
इसके बाद आरोपी को लीगल नोटिस भेजे गए, उसने उनका जवाब दे दिया। लेकिन संजय को डर बना हुआ है कि कहीं आरोपी इन चैकों को बैंकों में न लगा दें। इस पर संजय ने आरोपी के खिलाफ चांदनीबाग थाना पुलिस में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

