Panipat में मामा ने भांजे को कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला। मामा ने सोते हुए सिर और मुंह पर वार किए। घटना खोतपुर गांव की है। मंगलवार सुबह युवक की डेडबॉडी(Dead Body) चारपाई(Cot) के नीचे खून से लथपथ पड़ी हुई मिली। जिस कुल्हाड़ी से वार किए गए थे, वह भी साइड में ही पड़ी थी। शव पर मक्खियां भिनभिना रही थीं।
बताया जा रहा है कि लोगों ने शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। साथ ही FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने मौके से सभी आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शव को एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल भिजवा दिया। सेक्टर 13-17 थाना के अतिरिक्त प्रभारी SI सुभाष कुमार ने बताया कि प्रकाश रैकवार (33) पुत्र डिब्बू मूल रूप से रैकवार गांव, दमोह खास, मध्य प्रदेश का रहने वाला था। उसका मामा प्रीतम पुरुषोत्तम मध्य प्रदेश के लोहारी हट गांव का रहने वाला है। प्रीतम पुरुषोत्तम खोतपुरा गांव में संदीप संधु के मुर्गी फार्म पर काम करता था। उसने नूरवाला में किराए पर कमरा लिया था।
यहां उसकी पत्नी अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। छह माह पहले प्रीतम पुरुषोत्तम अपने भांजे प्रकाश को मध्यप्रदेश से लेकर आया था। उसने इसको भी फार्म पर नौकरी दिला दी। दोनों अलग अलग फार्म पर काम करते थे। पिछले चार दिन से प्रीतम व प्रकाश के बीच लड़ाई झगड़ा चल रहा था। प्रीतम को शक था कि प्रकाश का उसकी मामी के साथ प्रेम संबंध है। इस बात को लेकर प्रकाश व प्रीतम का मंगलवार रात को भी झगड़ा हुआ था।
कुल्हाड़ी मौके पर छोड़ हुआ फरार
मालिक संदीप ने दोनों को समझाकर अलग अलग फार्म पर भेज दिया था। रात को प्रीतम कुल्हाड़ी लेकर प्रकाश के पास पहुंच गया। यहां प्रकाश चारपाई पर आंगन में सो रहा था। प्रीतम ने सो रहे प्रकाश पर कुल्हाड़ी से एक के बाद कई वार किए। इसमें उसकी मौत हो गई। प्रीतम यहीं पर कुल्हाड़ी छोड़कर फरार हो गया। जब सुबह संदीप फार्म पर आया तो उसने प्रकाश का शव खून से लथपथ हालत में देखा। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी।





