Panipat की महिला ने दहेज के चलते मेरठ में आत्महत्या कर ली। जिसके बाद महिला के मायके वालों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की और 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक महिला का नाम पूजा बताया जा रहा है, जोकि पानीपत की रहने वाली थी। उसकी शादी 2019 में मेरठ के अभिषेक नाम के लड़के से हुई थी। अभिषेक एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है और पूजा IPS बनना चाहती थी। वह शादी से पहले ही IPS की तैयारी कर रही थी और इसी बीच उसकी शादी हो गई थी। 1 साल पहले ही पूजा ने दोबारा तैयारी करनी शुरू कर दी थी। पूजा का एक ढाई साल का बेटा भी है।
50 लाख रुपए व जेवर मांगने पर दबाव
बताया जा रहा है की शादी के बाद पूजा के ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान करने लते थे और उसके साथ मारपीट करते थे, लेकिन हर बार दोनों परिवार वाले मामले को सुलझा लेते थे। पूजा के जीजा ने बताया कि पूजा के ससुराल वाले उससे सीधे पैसे नहीं मांगते थे। अभिषेक उसे कहता कि उसके ऊपर कर्ज चढ़ा हुआ है। कभी वह 50 हजार रुपए तो कभी 70 हजार रुपए मांगते थे। इसलिए पूजा अपने पापा से पैसे मांगती और अभिषेक को दे देती।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि पूजा के ससुराल वालों ने उस पर 5 लाख रुपए और सोने के जेवर मांगने का दबाव बनाया हुआ था, लेकिन पूजा ने पैसे और जेवर अपने पिता से मांगने के लिए मना कर दिया। तभी ससुराल वालों का व्यवहार बदलने लगा और वह फिर से उसके साथ मारपीट करने लगे।
सास पोते के साथ फरार
महिला के पिता ने बताया कि 3 सिंतबर को अभिषेक का फोन आया और कहा कि पूजा ने सुसाइड कर लिया है। उसकी कॉल के बाद पूजा के परिवार वाले मेरठ पहुंचे, तब घर कोई नहीं था। पूजा के परिवार वाले उसके शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद वे उसके शव को लेकर पानीपत आ गए। यहां उसका अंतिम संस्कार किया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अभिषेक को पकड़ लिया है और महिला की दोनों ननदो व सास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन पूजा की सास अपने ढाई साल के पोते के साथ फरार है।







