Panipat में बदमाशों ने चलती बाइक पर युवक के सिर पर जोरदार डंडा मारा। नीचे गिरने पर उसके साथ चाचा को भी खूब पीटा। इसके बाद चारों नकाबपोश अज्ञात बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। अपने दोस्तों की मदद से भतीजे को अचेत अवस्था में सिविल अस्पताल ले गया। जहां से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
मतलौडा थाना पुलिस को दी शिकायत में दीपक ने बताया कि वह गांव उरलाना कलां का रहने वाला है। वह गांव अटावला स्थित सीएनजी बायो गैस प्लांट में हेल्पर का काम करता है। उसके साथ उसका भतीजा सुनील(18) निवासी गांव उरलाना कलां भी काम करता था। दोनों की ड्यूटी सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक की रहती है। 4 जून को दोनों ड्यूटी समाप्त कर दोपहर करीब 2 बजे अपनी बाइक पर सवार होकर घर की ओर जा रहे थे। जब वे गांव अटावला से डुमियाना की ओर चले, तो पेट्रोल पंप अटावला डुमियाना रोड से निकलते ही 100-150 मीटर आगे 5 युवक सड़क किनारे पहले से ही खड़े थे।
सिर पर किया सीधा वार
उनके हाथ में डंडे थे और चारों ने मुंह पर रुमाल बांधा हुआ था। उनकी बाइक की स्पीड 50 से अधिक थी। इसी दौरान उन चारों में से एक लड़के ने बाइक चला रहे सुनील के सिर पर सीधा वार किया। जिससे बाइक का भी संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे कुछ दूर आगे खेतों में गिर गए। नीचे गिरने के बाद भी अज्ञात चारों बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला किया। इसके बाद वे वहां से कुछ दूरी पर खड़ी बाइक पर सवार होकर गांव अटावला की ओर भाग गए।
दीपक ने इसके बाद अपने दोस्त सावन और सूरजभान को कॉल कर मौके पर बुलाया। दोनों दोस्त कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए। लहूलुहान हालत में दोनों को तुरंत नजदीकी गांव अहर स्थित एक डॉक्टर के पास ले गए। जिन्होंने सुनील को वहां से सिविल अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इतनी ही देर में वारदात की सूचना मिलने पर सुनील के परिजन भी डॉक्टर के पास पहुंच गए। जिसके बाद वे डॉक्टर के बताने पर सुनील को सिविल अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी हालत बहुत नाजुक होने के चलते उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।