प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को हरियाणा को दो बड़ी सौगातें देंगे। हिसार को उसका पहला एयरपोर्ट मिलने जा रहा है, जहां से पहली उड़ान सीधे अयोध्या जाएगी। इसके साथ ही यमुनानगर में 800 मेगावाट की नई बिजली युनिट की आधारशिला भी रखी जाएगी। इन दोनों कार्यक्रमों में विशाल जनसभाएं होंगी जिनमें हजारों की संख्या में लोग और भाजपा कार्यकर्ता भाग लेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का हरियाणा से विशेष लगाव है और वे जब भी हरियाणा आते हैं, राज्य को नई सौगात देकर जाते हैं। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जयंती के दिन सुबह 9 बजे पीएम मोदी हिसार पहुंचेंगे और एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे, वहीं 11 बजे यमुनानगर में बिजली यूनिट का शिलान्यास करेंगे।
48 विधानसभाओं से जुटेगा जनसैलाब, एयरपोर्ट से पहली उड़ान जाएगी अयोध्या
बड़ौली ने बताया कि हिसार एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में हरियाणा की 48 विधानसभाओं से कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस ऐतिहासिक मौके पर एयरपोर्ट से पहली उड़ान भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या रवाना होगी। यमुनानगर की जनसभा में 42 विधानसभाओं के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
गांव चलो अभियान और साइक्लोथान से भाजपा करेगी सीधा संवाद
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि 10 से 12 अप्रैल तक ‘गांव चलो अभियान’ के तहत भाजपा कार्यकर्ता गांवों की चौपालों और शहरों के वार्डों में जाकर आमजन से सीधा संवाद करेंगे। पार्टी की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का यह विशेष अभियान संगठन पर्व के तहत चलाया जा रहा है।
इसके अलावा 11 अप्रैल को सुबह 7 बजे फरीदाबाद में महिला मोर्चा की हजारों कार्यकर्ता साइक्लोथान कार्यक्रम में भाग लेंगी। यह यात्रा नशे के खिलाफ जनजागृति का संदेश लेकर निकलेगी। बड़ौली ने बताया कि पूरे प्रदेश में 45 हजार सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता हैं और 16 से 17 अप्रैल तक सभी जिलों की टीमें तैयार हो जाएंगी।
कांग्रेस पर हमला—‘चिंतन-मंथन दिखावा, संगठन तक नहीं बना पाए’
बड़ौली ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उसका चिंतन-मंथन केवल दिखावा है। कांग्रेस पिछले 11 वर्षों से मंथन ही कर रही है लेकिन हरियाणा में अब तक संगठन नहीं बना सकी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम अब सिर्फ विरोध करना रह गया है। यहां तक कि हिसार एयरपोर्ट का भी विरोध कर रही है जबकि उसे इसकी जानकारी तक नहीं है।