हरियाणा के पलवल में आज PM मोदी की आखिरी रैली होने जा रही है। उनकी यह रैली नेशनल हाईवे-19 गदपुरी में टोल प्लाजा के पास होने वाली होने वाली है। पलवल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार आ रहे हैं। इसके लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान भी सुरक्षा में लगाए गए हैं।
मोदी अपनी अंतिम चुनावी जनसभा में 22 विधानसभाओं को साधने का प्रयास करेंगे। उनके साथ पलवल की 3, फरीदाबाद की 6, नूंह की 3, गुरुग्राम की 4, रेवाड़ी की 3 और महेंद्रगढ़ की 4 विधानसभा सीटों के सभी प्रत्याशी मंच पर होंगे। मोदी की अंतिम रैली के लिए जोरो-शोरो से तैयारियां चल रही है। वहां पर विशाल पंडाल लगाया गया है। इस रैली में 50 हजार लोगों के आने की संभावना है। रैली स्थल के चारों और पुलिस तैनात कर दी गई है। जनसभा का पूरा कार्य पुलिस की निगरानी में किया गया है।
बता दें कि SP चंद्रमोहन सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। PM मोदी की रैली के चलते नेशनल हाईवे-19 पर सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक यातायात बंद रहेगा। हरियाणा चुनाव को लेकर मोदी की यह चौथी और अंतिम रैली है। इससे पहले वह कुरुक्षेत्र, गोहाना और हिसार में रैली कर चुके हैं। स्टेज पर प्रधानमंत्री मोदी के अलावा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा और 6 जिलों के जिलाध्यक्ष व 6 जिला परिषद चेयरमैन स्टेज पर मौजूद रहेंगे।