Guru Nanak Dev Prakash Parv 2023

Panipat : गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकाली प्रभातफेरी, फूलों की वर्षा से किया संगत का स्वागत

धर्म पानीपत हरियाणा

(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) पानीपत के खंड समालखा में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में अमृत वेले पहली प्रभातफेरी निशान साहिब की छतर-छाया हेठ गुलजार सिंह व अति अमृत कौर के निवास स्थान पर पहुंची। इस मौके पर प्रभातफेरी में शामिल संगत का फूलों की वर्षा करके स्वागत किया गया।

इस अवसर पर सजाए गए दीवान में गुरुद्वारा साहिब के हजुरी में रागी गुरमुख सिंह ने गायन करके संगत को निहाल किया। इसके उपरांत नानक नाम चढ़दीकला, तेरे भाने सरबत का मला की अरदास की गई। इस दौरान गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान जगतार सिंह बिल्ला ने कहा कि गुरु नानक देव बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उनका जन्म लाहौर से 64 किलोमीटर दूर आज के पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के तलवंडी में हुआ था। गुरु नानक की माता का नाम तृप्ता और पिता का नाम कल्याणचंद था। सिख धर्म के पहले गुरु होने के साथ-साथ उन्हें एक महान दार्शनिक, समाज सुधारक, धर्म सुधारक, सच्चा देशभक्त और योगी के रूप में आज भी याद किया जाता है।

जगतार सिंह बिल्ला ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा को गुरु नानक जयंती मनाई जाती है। इसे प्रकाश पर्व या गुरु पूरब के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व सिख समुदाय के लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण माना गया है, क्योंकि इस दिन सिख समुदाय की स्थापना करने वाले गुरु नानक देव का जन्म हुआ था। ऐसे में हर साल गुरु नानक जयंती पर गुरुद्वारे में अखंड पाठ और नगर कीर्तन जैसे अनुष्ठान किए जाते हैं। संगत गुरु की शिक्षाओं पर अमल कर उन्हें जीवन में धारण करने का प्रण लेते हैं। इस मौके पर शाम सिंह, तिलक चोपड़ा, सुरेंद्र कुमार, अमनदीप, गुरप्रीत सिंह, देव मल्होत्रा, सिदक सिंह, गुरजंट सिंह और शैकी सिंह मौजूद रहे।

Whatsapp Channel Join