स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के विभिन्न राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया है। हरियाणा से इस वर्ष कुल 13 पुलिस अधिकारियों को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। इनमें से दो वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेसिडेंट मेडल और 11 अधिकारियों को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस (MSM) दिया जाएगा।
प्रेसिडेंट मेडल प्राप्त करने वाले अधिकारियों में हरियाणा पुलिस कमिश्नर सिबाश कबिराज और इंस्पेक्टर जनरल (IG) कुलदीप सिंह शामिल हैं। दोनों अधिकारियों की सेवाओं और उत्कृष्ट कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें यह उच्चतम सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, मेरिटोरियस सर्विस मेडल के लिए चयनित अधिकारियों में इंस्पेक्टर रिषी पाल, DSP राजेश कुमार, DSP सुरेश कुमार, इंस्पेक्टर धमेंद्र, SI अशोक कुमार, इंस्पेक्टर राजेश कुमार, SI यशपाल शर्मा, इंस्पेक्टर हरकेश कुमार, इंस्पेक्टर महावीर सिंह, इंस्पेक्टर जोगिंदर सिंह और SI सोहन लाल शामिल हैं। इन सभी अधिकारियों ने अपनी सेवा और समर्पण से पुलिस विभाग की छवि को मजबूती प्रदान की है।
हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारी और कर्मचारी भी इस अवसर पर सम्मानित किए गए। पंजाब से 16, चंडीगढ़ से 3 और हिमाचल प्रदेश से 2 अधिकारी एवं कर्मचारी राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार प्राप्त करेंगे। यह समारोह देश की सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों के प्रयासों को पहचानने और उन्हें प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।