Arrest

Rewari : हत्थे चढ़ी शातिर महिला, झूठे केस में फंसाकर ऐंठे लाखों, पढिए क्या है पूरा मामला

रेवाड़ी

हरियाणा के Rewari शहर में एक महिला को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाकर 10 लाख रुपए मांगने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस दौरान महिला का साथी भी पकड़ा गया। दोनों पर ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज किया गया है। महिला पहले ही पीड़ित से 5 लाख रुपए वसूल चुकी थी।

जानकारी के अनुसार, महेंद्रगढ़ के तोताहेड़ी निवासी संदीप की पत्नी राकेश देवी ने मॉडल टाउन थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उसके जेठ राजबीर की साली शर्मिला, जो राजस्थान के झुन्झुनू जिले के मेहाड़ा जाटूवास की रहने वाली है, फिलहाल रेवाड़ी शहर के बावल रोड स्थित चांदपुर की ढाणी में किराये पर रहती है। संदीप को कुछ सामान देने के लिए उसकी जेठानी भतेरी ने उसे शर्मिला के घर भेजा था।

जब संदीप वहां पहुँचा, तो शर्मिला ने उससे उसके काम के बारे में पूछा। संदीप ने बताया कि वह एक कंपनी में बड़े पद पर कार्यरत है। इसके बाद शर्मिला ने पैसे ऐंठने के लिए मॉडल टाउन थाना पुलिस में 10 फरवरी को उसके खिलाफ रेप का झूठा केस दर्ज करा दिया। संदीप के भाई राजबीर ने समझौता कराने के प्रयास किए, तो शर्मिला ने 5 लाख रुपए की मांग की।

Whatsapp Channel Join

कुछ समय बाद, संदीप के भाई राजबीर की आकस्मिक मृत्यु हो गई। जैसे ही शर्मिला को यह खबर मिली, उसने 11 मई को फिर से संदीप के खिलाफ रेप की शिकायत दर्ज करा दी और उसे ब्लैकमेल करने लगी। संदीप को फोन कर बताया गया कि शिकायत वापस लेने के लिए 10.20 लाख रुपए की मांग की जा रही है और 25 जून तक पैसे देने की समय सीमा दी गई।

संदीप ने बातचीत रिकॉर्ड कर पुलिस को दी। पुलिस ने महिला और उसके सहयोगी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पुलिस ने जिला उद्यान अधिकारी मंदीप सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया और कार्रवाई शुरू की। संदीप की पत्नी राकेश देवी और उसके जेठ अनूप ने आरोपियों से बातचीत की और 3 लाख रुपए देने की बात तय की। उन्हें रेवाड़ी के रणबीर सिंह हुड्‌डा चौक के निकट बुलाया गया और पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस ने संदीप और उसकी पत्नी राकेश को 3 लाख रुपए की राशि देने के लिए भेजा। जैसे ही शर्मिला और बिजेंद्र ने पैसे लिए, पुलिस ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ धारा 384, 389, 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया गया है। बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

अन्य खबरें