sister-in-law threatened to implicate

Rewari में साली ने दी झूठे Rape Case में फंसाने की धमकी, 10 लाख की रखी मांग, 3 लाख लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

रेवाड़ी

Rewari शहर में एक महिला को पुलिस ने उसके साथी के साथ 3 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। महिला पर आरोप था कि उसने एक व्यक्ति को रेप(Rape Case) के झूठे मामले में फंसाकर उससे 10 लाख रुपये की मांग की थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज किया है। पहले भी आरोपी महिला ने पीड़ित से 5 लाख रुपये ले लिए थे।

महेंद्रगढ़ के तोताहेड़ी गांव के निवासी संदीप की पत्नी राकेश देवी ने मॉडल टाउन थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि संदीप के भाई राजबीर की साली शर्मिला, जो रेवाड़ी के बावल रोड स्थित चांदपुर की ढाणी में किराए पर रहती है, ने उसके पति के खिलाफ रेप का झूठा केस दर्ज कराया। शर्मिला का असली मकसद पैसे ऐंठना था। उसने 10 फरवरी को संदीप के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। संदीप के भाई राजबीर ने समझौता कराने की कोशिश की, तो शर्मिला ने 5 लाख रुपये की मांग की। समझौता कराने के लिए यह रकम दी गई।

24 फरवरी को संदीप के भाई राजबीर का आकस्मिक निधन हो गया। इसके बाद, शर्मिला ने 11 मई को फिर से संदीप के खिलाफ रेप की शिकायत दर्ज करा दी और ब्लैकमेल करने लगी। उसने संदीप से 10.20 लाख रुपये की मांग की और धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो उसे जेल जाना पड़ेगा। उसने 25 जून तक की तारीख भी तय कर दी। संदीप ने इस बातचीत की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी।

Whatsapp Channel Join

रंगे हाथ पकड़ने की बनाई योजना

पुलिस ने महिला और उसके सहयोगी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई, जिन्होंने जिला उद्यान अधिकारी मनदीप सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया। पुलिस ने संदीप की पत्नी राकेश देवी और उसके जेठ अनूप से आरोपियों के साथ बातचीत करने को कहा। उन्होंने शुरुआत में 3 लाख रुपये देने की सहमति जताई और दोनों को रेवाड़ी के रणबीर सिंह हुड्डा चौक के पास बुलाया।

पुलिस ने पत्नी को राशि देने भेजा

पुलिस ने 500 रुपये के नोटों की 6 गड्डियों पर हस्ताक्षर किए और संदीप और उसकी पत्नी को यह राशि देने के लिए भेज दिया।जैसे ही शर्मिला और उसका साथी बिजेंद्र सिंह पैसे लेने पहुंचे, पहले से तैयार पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ धारा 384, 389, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

अन्य खबरें