हरियाणा के Rewari शहर के बावल रोड स्थित बिठवाना चौक पर एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक एक प्राइवेट कंपनी के सुपरवाइजर के पद पर काम करता था। गुरुग्राम के बसई रोड निवासी 33 वर्षीय अरविंद, रेवाड़ी के बावल स्थित सनवीन कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। वह बिठवाना के समीप यूनिक विहार कॉलोनी में रहते थे।
अरविंद के दोस्त शुभम, जो उसी कंपनी में काम करते हैं, ने बताया कि बी शिफ्ट की ड्यूटी करने के बाद वे दोनों अलग-अलग बाइक पर रेवाड़ी की तरफ आ रहे थे। बिठवाना के पास अरविंद ने अपनी बाइक को यूनिक विहार की तरफ मोड़ा, तभी तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अरविंद सड़क पर दूर तक उछलकर लहूलुहान हो गए। हादसे के वक्त शुभम चंद कदम पीछे थे। उन्होंने तुरंत अपनी बाइक रोकी और अरविंद को संभाला। इसके बाद एंबुलेंस को कॉल किया। इस बीच आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्यवाही
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनास्थल पर होंडा सिटी कार की नंबर प्लेट मिली, जिससे दिल्ली का रजिस्ट्रेशन नंबर पता चला। अरविंद को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को मॉडल टाउन थाना पुलिस ने अरविंद के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। शुभम की शिकायत पर आरोपी चालक की तलाश जारी है।