Delhi CM Arvind Kejriwal Arrest Live Updates : आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता नवीन जयहिंद ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी पर बयानबाजी की है। नवीन जयहिंद ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी पर दिल्ली के बहुत से नेताओं के मन में लड्डू फूटने लगे हैं, क्योंकि अब दिल्ली का नया मुख्यमंत्री बनना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के लिए लंबी लाइन लगी हुई है, लेकिन उन्होंने ऐसे नेताओं को नसीहत देने का काम किया है।
नवीन जयहिंद शुक्रवार को हरियाणा के जिला रोहतक में केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान नवीन जयहिंद ने कहा कि आम आदमी पार्टी के क्रांतिकारी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अब अरविंद केजरीवाल के साथ खड़ा होना चाहिए। उनका सहयोग करने के लिए जेल में भी जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल मेरे पुराने दोस्त हैं और वह दोस्ती का फर्ज निभाएंगे। इसके लिए वह केजरीवाल के साथ जेल में भी जाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को न्यायपालिका पर विश्वास रखना चाहिए।

नवीन जयहिंद ने कहा कि हमने शराब नहीं, स्वराज की किताब बेची थी। अब जो शराब बेचने के मामले में गिरफ्तारी हुई हैं, उस पर केजरीवाल का लाइव नार्को टेस्ट होना चाहिए तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चलाकर जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी किया जाना चाहिए। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को भी सलाह दी है कि केजरीवाल भगत सिंह व बाबा सहाब भीमराव अंबेडकर का फोटो रखते हैं, इसलिए उसमें विश्वास रखें।

उन्होंने कहा कि भगत सिंह तो जेल में जाकर फांसी पर भी लटक गया था, इसलिए उन्हें जेल में जाने से नहीं डरना चाहिए और बाबा साहब द्वारा बनाई गई संविधान पर विश्वास करते हुए न्याय की उम्मीद रखनी चाहिए। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता नवीन जयहिंद ने कांग्रेस पार्टी पर भी कटाक्ष किया।

उन्होंने कहा कि आज जो कांग्रेस पार्टी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर चिल्ला रही है, वह कुछ दिन पहले तक अरविंद केजरीवाल में अन्य नेताओं के इसी शराब मामले में इस्तीफा की मांग कर रहे थे। यही नहीं केजरीवाल भी सीबीआई व ईडी से सोनिया गांधी की गिरफ्तारी की मांग करते थे।