Bhupinder Hooda

Haryana बोर्ड पेपर लीक पर भड़के हुड्डा, कहा- सरकार फेल, हर तरफ घोटाले ही घोटाले

रोहतक हरियाणा

Haryana में 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामले ने बड़ा राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इसे बीजेपी सरकार की नाकामी करार देते हुए तीखा हमला बोला है। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी और गरीबी चरम पर है, और सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। 7 मार्च से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में इन मुद्दों को जोर-शोर से उठाने की तैयारी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अवैध खनन (माइनिंग) से लेकर पेपर लीक तक, हर मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश घोटालों का अड्डा बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह फेल साबित हो रही है।

बीजेपी सांसद किरण चौधरी के बयान पर जवाब

बीजेपी की राज्यसभा सांसद किरण चौधरी के ‘हुड्डा हमारे साथ हैं’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा, “किरण चौधरी हमेशा से बीजेपी की मदद करती रही हैं, इसमें कोई नई बात नहीं है।”

Whatsapp Channel Join

निकाय चुनाव में EVM विवाद पर सवाल

हुड्डा ने निकाय चुनाव में EVM के साथ वीवीपैट (VVPAT) न लगाने पर भी सवाल उठाए और इसे सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका जैसे उन्नत देश भी बैलेट पेपर का इस्तेमाल करते हैं, और भारत में भी इसे लागू किया जाना चाहिए।

“बड़े नेताओं की एंट्री से BJP को डर”

निकाय चुनाव को लेकर हुड्डा ने कहा कि भाजपा के दिग्गज नेताओं का प्रचार में उतरना दिखाता है कि पार्टी को हार का डर सता रहा है। वहीं, कांग्रेस नेताओं के प्रचार में शामिल न होने के सवाल पर हुड्डा ने सफाई देते हुए कहा कि “हर चुनाव में हम नहीं जाते, यह छोटा चुनाव है। मैं सिर्फ MLA और MP के चुनाव में प्रचार करता हूं।”

“सरकार अपने ही वादे भूल गई”

हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तीन महीने के कार्यकाल में सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की यूनिवर्सिटियों को सरकार जानबूझकर कर्जदार बना रही है, ताकि उन्हें धीरे-धीरे प्राइवेट किया जा सके।

अन्य खबरें