Rohtak जिले में भारतीय जनता पार्टी को कल यानी 17 मार्च को नया जिला अध्यक्ष मिल जाएगा। भाजपा के केंद्रीय चुनाव अधिकारी के निर्देशानुसार, कार्यकर्ता 16 मार्च को सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद, शाम 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और शाम 5 बजे तक नामांकन वापस भी लिए जा सकेंगे।
भा.ज.पा. की प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि पार्टी पूरे प्रदेश में संगठनात्मक चुनाव करवा रही है, जिसके तहत जिला अध्यक्ष पद के लिए कार्यकर्ताओं से आवेदन मांगे गए हैं। डॉ. गुप्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि जो भी कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष पद के लिए योग्य होगा, उसका चयन किया जाएगा। इस पद के लिए चयनित उम्मीदवार की घोषणा 17 मार्च को सुबह 10 बजे की जाएगी।
रणवीर ढाका के नाम पर सवाल
बीजेपी ने करीब दो साल पहले एडवोकेट रणवीर ढाका को रोहतक जिले का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया था। उस समय पूर्व जिला अध्यक्ष अजय बंसल ने अचानक रणवीर ढाका को यह जिम्मेदारी सौंप दी थी। इसके बाद पिछले साल भी जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी रणवीर ढाका को ही दी गई थी। अब यह देखना होगा कि क्या उनका नाम फिर से जिला अध्यक्ष के रूप में घोषित होगा या कोई और नया जिला अध्यक्ष बनेगा।
कार्यकर्ताओं को मिलेगा पूरा सम्मान
डॉ. अर्चना गुप्ता ने यह भी कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को सम्मान मिलता है और छोटा कार्यकर्ता भी संगठन में बड़ा पद पा सकता है। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष पद के लिए आवेदन कर सकता है, और जो भी योग्य होगा, उसे यह पद सौंपा जाएगा।