Rohtak में नगर निगम चुनाव को लेकर बीजेपी द्वारा एक बड़ी रैली का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस रैली में बीजेपी के पर्यटन, जेल और सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और राष्ट्रीय सचिव ओपी धनखड़ भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने भाषण में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा, “विपक्ष के नेताओं को धरातल पर कुछ नहीं दिखता। वे सिर्फ ट्वीट करते हैं। आज कांग्रेस सिर्फ ट्वीट वाली पार्टी बनकर रह गई है। कांग्रेस की जड़ें हिल चुकी हैं और अब उसमें कोई दम नहीं बचा है। कांग्रेस के चालीस साल पुराने कार्यकर्ता भी पार्टी छोड़ चुके हैं। अब केवल राहुल गांधी ही हैं, जो बयानबाजी करते रहते हैं।”
सैनी ने आगे कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि 2 मार्च को वोटिंग के बाद, 12 मार्च को राम अवतार वाल्मीकि मेयर बनेंगे और हमारे सभी वार्डो के प्रत्याशी भी जीत हासिल करेंगे। रोहतक की सरदारी हमें आशीर्वाद देगी और यहां विकास की गति को और तेज किया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं, “हमने सौ दिन में तेज गति से काम किए हैं। कांग्रेस और विपक्ष के नेताओं को धरातल पर कुछ नजर नहीं आता। हमारी सरकार ने किडनी के मरीजों का इलाज मुफ्त किया है, और अब डायलिसिस के लिए कोई पैसा नहीं लिया जाता। हमने संकल्प पत्र में जिन योजनाओं का वादा किया था, उन्हें पूरा किया है।”
उन्होंने आगे कहा, “हमने बुजुर्गों को मुफ्त इलाज, 25 हजार युवाओं को बिना किसी खर्ची के नौकरियां, और किसानों को भूमि मालिकाना हक देने का काम किया। इसके अलावा, 24 फसल MSP पर खरीदने, आढ़तियों के कमीशन में वृद्धि, और सोलर पैनल लगाने की योजना पर काम जारी है।”
सैनी ने बीजेपी सरकार की योजनाओं का हवाला देते हुए कहा, “हमने एक लाख आय वाले गरीब परिवारों को हैप्पी कार्ड, महाकुंभ और अयोध्या यात्रा के लिए मुफ्त यात्रा जैसी योजनाएं शुरू की हैं। अवैध कालोनियों को नियमित करने का काम भी किया जा रहा है।”
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा, “विकास के मामले में हमारी सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी और हर दिशा में काम करेगी।”
हरियाणा निकाय चुनाव: BJP का घोषणा पत्र जारी, CM ने कहा – ‘हम ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए तैयार’
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा निकाय चुनावों के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस घोषणा पत्र में पार्टी ने 19 वादे किए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से बिजली, पानी, सड़क, सफाई, पार्कों के सौंदर्यीकरण और महिलाओं की सुरक्षा पर फोकस किया गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, मंत्री पियूष गोयल और मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के साथ मिलकर घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए भाजपा तैयार है।
घोषणा पत्र में प्रमुख वादे:
- भूमि का मालिकाना हक: 20 साल से रह रहे परिवारों को भूमि और मकान का मालिकाना हक मिलेगा।
- हाउस टैक्स में छूट: महिलाओं के नाम पर बने मकानों को 25% हाउस टैक्स में छूट मिलेगी।
- पार्कों में विशेष सुविधा: सभी स्थानीय निकायों में आदर्श पार्क बनाए जाएंगे, जिसमें दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधा होगी।
- सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट: रासायनिक और औद्योगिक कचरे की समस्या से निपटने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट पार्क बनाए जाएंगे।
- जल निकासी समस्या का समाधान: सभी निकायों की जल निकासी समस्या का स्थायी समाधान होगा।
- महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट: बाजारों में पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे जो सैनेटरी नैपकिन वेडिंग मशीन और शिशु आहार कक्ष से सुसज्जित होंगे।
- सोलर पैनल और ऊर्जा बचत: 1 लाख रुपए तक आय वाले परिवारों को मुफ्त सोलर पैनल दिए जाएंगे, साथ ही स्ट्रीट लाइटों की संख्या दोगुनी की जाएगी।
- इलेक्ट्रिक बसें: पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी।
- कचरे का निपटारा: सभी निकायों में गीले और सूखे कचरे के निपटारे के लिए नए संयंत्र स्थापित किए जाएंगे।
- बेसहारा पशुओं से राहत: स्थानीय निकायों में बेसहारा जानवरों और कुत्तों की समस्या का समाधान किया जाएगा।
- ऑनलाइन सेवा केंद्र: हर बूथ पर ऑनलाइन सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
भाजपा ने इन वादों के साथ दावा किया है कि निकाय चुनाव में जीत के बाद सभी वादे पूरे किए जाएंगे।