(सिटी तहलका से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) पानीपत के खंड समालखा स्थित रघुनाथ मंदिर में कमेटी की ओर से आयोजित गणेश महोत्सव में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में भाजपा के जिला महामंत्री कृष्ण छौक्कर ने शिरकत की। उन्होंने भगवान श्री गणेश की विधिविधान से पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वहीं श्रद्धालुओं ने भजनों के माध्यम से गौरी पुत्र श्री गणेश का गुणगान किया।
इस दौरान भाजपा के जिला महामंत्री कृष्ण छौक्कर ने कहा कि हिंदू संस्कृति के अनुसार किसी भी पूजा-अर्चना को प्रारंभ करने से पूर्व भगवान श्री गणेश की पूजा की जाती है। इतना ही नहीं अन्य समस्त मांगलिक कार्यों को प्रारंभ करने से पहले भी भगवान गणपति का ध्यान लगाया जाता है। भगवान श्री गणेश विघ्नहरणकर्ता हैं। वह इस धरती पर अपने सभी भक्तों के कष्ट हरते हैं। जो साधक और श्रद्धालु विधिविधान से इनकी पूजा-अर्चना करते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि गणेश उत्सव ऐसा मौका है, जब व्यक्ति इनकी शरण में आकर अपने जीवन को सुधार सकता है। गणेश जी महाराज बुद्धि के प्रतीक हैं और हर संकट को हरने वाले हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों में भाग लेने से पुण्य की प्राप्ति होती है। बड़ों के साथ युवाओं को भी धार्मिक कार्यक्रमों का हिस्सा बनना चाहिए, जिससे वह अपनी संस्कृति से अवगत हो सकें। इससे पूर्व रघुनाथ मंदिर कमेटी की ओर से मुख्यातिथि कृष्ण छौक्कर का स्वागत किया गया। आयोजक क्लब के पदाधिकारियों ने भाजपा नेता को स्मृति चिह्न भेंट किया गया।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों के साथ माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। अंत में सभी ने भगवान श्रीगणेश की महाआरती कर सभी के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर भाजपा नेता के भाई कृष्ण, प्रदुमन गुलयानी, इंद्रलाल, प्रमोद छौक्कर, अरुण बजाज, कृष्ण छौक्कर, विनोद मल्होत्रा, मन्नू छाबड़ा, नरेश गुलाटी, बलवंत मल्होत्रा, राजेंद्र टंडन, सुभाष मल्होत्रा और रमेश छाबड़ा मौजूद रहे।