अवैध कॉलोनियों को लेकर सख्त हुए अधिकारी, सीएम आगमन से पहले दस्तावेज दुरुस्त करने में जुटे

सिरसा हरियाणा

नगर परिषद के सीमा में आने वाली 38 कॉलोनियों को सरकार ने वैध करने को लेकर चयनित किया है। पहले इन कॉलोनियों के प्रस्ताव पर आपत्तियां लगाकर मुख्यालय ने रद्द कर दिया था। 16 सितंबर को मुख्यमंत्री सिरसा दौरे पर आ रहे हैं। ऐसे में नगर परिषद के अधिकारी इन कॉलोनियों के दस्तावेजों को दुरुस्त करने में जुटे हैं।

38 में 17 कॉलोनियों की आपत्तियों को दुरुस्त करने का कार्य भी पूर्ण किया जा चुका है। शेष 21 कॉलोनियों का सर्वे कर उनके दस्तावेजों को ठीक करने में अधिकारी जुटे हुए हैं।

मुख्यमंत्री दिखाएंगे सिरसा में साइक्लोथॉन रैली को हरी झंडी

Whatsapp Channel Join

16 सितंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल सिरसा पहुंचेंगे और 17 सितंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल सिरसा में साइक्लोथॉन रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान वे जिले में हो रहे विकास कार्य संबंधित मामलों की भी समीक्षा भी कर सकते हैं। अवैध कॉलोनियों को वैध करने के मामलों को मुख्यमंत्री अपने स्तर पर देख रहे हैं। इसी कारण उन्होंने अवैध कॉलोनियों को वैध करने के लिए कई नियमों में ढील दी है, ताकि जल्द से जल्द कॉलोनियों को वैध कर वहां पर रुके हुए विकास कार्य तेजी लाई जा सके।

दो बार कर चुकी है सरकार वैध कॉलोनियों की लिस्ट जारी

सरकार ने दो बार कॉलोनियों को वैध करने के बाद उनकी लिस्ट जारी की है। इनमें कालांवाली, डबवाली, रानियां और अन्य ब्लॉकों की कॉलोनियां वैध की जा चुकी है। लेकिन सिरसा की 38 में से एक भी कॉलोनी वैध नहीं हो पाई है।

शहर के बाहरी क्षेत्र की कॉलोनियों को किया जाना है वैध

नगर परिषद की सीमा बढ़ाने के लिए सरकार ने कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया शुरू की थी। करीब छह माह पहले नगर परिषद ने कॉलोनियों को आवेदन मांगे थे। इसके चलते नगर परिषद के पास 38 कॉलोनियों को वैध करने के लिए आवेदन आए थे। इसके बाद इन कॉलोनियों में सर्वे करने के बाद लोगों की दी जा रही सुविधाओं की रिपोर्ट तैयार की गई है।

शहर के शांतिनगर, कांडा कॉलोनी, श्याम विहार, खैरपुर, कंगनपुर का कुछ क्षेत्र, चत्तरगढ़पट्टी, बेगू रोड पर स्थित कई कॉलोनियां और रानियां रोड के साथ लगते कॉलोनियों में नगर परिषद की ओर से पहले ही हर विकास कार्य करवाए गए। इन कॉलोनियों में सीवरेज, पानी, बिजली, सड़क की सुविधा भी काफी क्षेत्र में है।