कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि सिरसा अब सबसे ज्यादा मुआवजा वाला जिला बनने जा रहा है यानी सरकार ने अब 600 करोड़ रुपये सिरसा जिले के लिए मंजूर करवाए हैं। उनका कहना है कि सरकार इस पर अपना काम कर रही है। बता दें कि हरियाणा में अब तक किसी जिले को इतना पैसा नहीं मिला होगा जितना अब सिरसा को मिलने जा रहा है।
10 दिनों के अंदर ले लिया जाएगा नुकसान के मुआवजे पर निर्णय
पंचायत भवन में पत्रकारों के साथ हुई वार्ता में कृषि मंत्री जेपी दलाल का कहना है आज की स्थिति के बारे में किसानों को सब मालुम है। बता दें कि घग्गर में आई बाढ़ के कारण हुए नुकसान को लेकर क्षतिपूर्ति पोर्टल बना हुआ है। जिस पर किसान अपनी फसल, पशुओं और मकानों की डिटेल डाल सकते है। इसी के साथ सभी तरह के पैरामीटर पोर्टल पर भी बनाए गए हैं। उनका कहना है कि एक सप्ताह या 10 दिनों के अंदर नुकसान के मुआवजे पर निर्णय ले लिया जाएगा।
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने नेताओं पर कसा तंज
कृषि मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष 1200 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ था और इस बार भी जल्द ही बजट पास हो जाएगा। यानी बजट को लेकर कभी कमी नहीं रही है। उन्होंने नेताओं को लेकर कहा कि जो नेता फ्री बिजली देने का वादा कर रहे हैं, वह ये नहीं बता रहे है कि बिजली फ्री देने पर किन-किन चीजों पर टैक्स बढ़ जाएगा।
पानी की व्यवस्था संबंधित बनाई जाएगी योजना
कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा हमेशा से ही पानी की कमी से जुझ रहा है और हमारे पास पानी का कोई प्राकृतिक संसाधन नहीं है। भाखड़ा, घग्गर और कुछ एरिया में यमुना का पानी आता है लेकिन जो पानी हमारे पास आता है वो बहुत सीमित मात्रा में आता है इसलिए हमें उसकी व्यवस्था करनी पड़ती है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कई योजनाएं बनाई जा रही हैं जिनका लाभ किसान जल्दी ही उठा सकेंगें।

