● हरियाणा के सिरसा में तापमान 34.1 डिग्री, सबसे गर्म जिला
● 24 मार्च तक मौसम साफ, बारिश की संभावना नहीं
● फसलों की कटाई-थ्रेसिंग के लिए मौसम अनुकूल
Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन में तापमान बढ़ने लगा है, जबकि रातें अभी भी ठंडी बनी हुई हैं। 22 मार्च को हरियाणा का सिरसा जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में तापमान में और 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम साफ रहने के कारण किसान लावणी (कटाई और थ्रेसिंग) के लिए इसे अनुकूल मान रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, 24 मार्च तक हरियाणा में बारिश की कोई संभावना नहीं है। इससे गेहूं और अन्य रबी फसलों की कटाई सुचारू रूप से की जा सकेगी।
पिछले 24 घंटों में हरियाणा के अलग-अलग जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। फरीदाबाद में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जहां तापमान 1 डिग्री गिरकर 32.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं, चंडीगढ़ में तापमान में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई, जहां तापमान 1.4 डिग्री बढ़कर 32.4 डिग्री सेल्सियस हो गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में दिन के समय गर्मी में और वृद्धि होगी, लेकिन रातें अभी भी हल्की ठंडी बनी रहेंगी।

