हरियाणा के जिला अंबाला में महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय स्वच्छता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान राज्यपाल के सामने ही महिला ने विधायक मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। वहीं राज्यपाल ने अंबाला सिटी नाहन हाउस वाल्मीकि मंदिर के पास स्वच्छता अभियान के तहत सड़क पर झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
इससे पहले कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त, नगर निगम कमिश्नर और पुलिस अधीक्षक की ओर से कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया गया था। उपायुक्त डॉ. शालीन ने बताया कि 15 सितंबर से 2 अक्तूबर तक स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत आमजन को स्वच्छता के बारे में प्रेरित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं। जिसके तहत आज कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने स्वयं श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, नेहरू युवा केंद्र, जिला रैडक्रॉस सोसायटी से वॉलंटियर और स्कूली विद्यार्थी के साथ प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

सरकार पर समाज के शोषण का लगाया आरोप
कार्यक्रम के दौरान एक लक्ष्मी नाम की महिला ने राज्यपाल से मिलकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई। महिला ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से वाल्मीकि समाज का शोषण किया जा रहा है। इस सरकार में सफाई कर्मचारियों की कहीं सुनवाई सुनवाई नहीं हो रही है। विधायक असीम गोयल उनकी सुनने तक को तैयार नहीं है। इस दौरान महिला ने राज्यपाल से भगवान वाल्मीकि मंदिर चलने की भी मांग की। महिला के आरोप लगाने के दौरान प्रशासन और पुलिस की सांसें अटकी रही।
महिला बोली, आप जनता के सुख-दुख के साथी
महिला ने राज्यपाल के समक्ष कहा कि उनकी आवाज उठाने वाला कोई नहीं है। विधायक असीम गोयल भी उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहे। सफाई कर्मचारी कैसे जीवन व्यतीत कर रहा है, इसका सरकार और नेताओं को कोई लेना देना नहीं है। महिला ने राज्यपाल के समक्ष ही विधायक मुर्दाबाद के नारे लगाए। महिला ने कहा कि आप हरियाणा के राज्यपाल हैं और प्रदेश की जनता के सुख-दुख के साथी हैं। वहीं राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने महिला को आश्वासन देते हुए चंडीगढ़ राज्यपाल भवन में मुलाकात कर अपनी बात रखने को कहा।