घर में घुसकर हत्या करने वाले 2 भाईयों को भीड़ ने पीट-पीट कर उतारा मौत के घाट

सोनीपत

एक साथ तीन हत्याओं से गांव अगवानपुर में सनसनी फैल गई। गांव में 2 बदमाश बाइक पर सवार होकर गोलियां चला कर दहशत फैलाते घूम रहे थे। दोनों ने एक व्यक्ति के घर में घुस कर फायरिंग कर दी। गोली लगने से विजयपाल नाम के व्यक्ति की मौत हो गई।

वारदात के बाद भड़के ग्रामीणों ने दोनों भाइयों को घेर लिया और ईंट-पत्थर व डंडों से पीट पीट कर उनकी भी हत्या कर दी। मौके पर एफएसएल टीम और गन्नौर थाना पुलिस ने हालात पर काबू पाया। हत्या के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

3 मौत से सहमा पूरा गांव

Whatsapp Channel Join

गांव अगवानपुर में अश्वनी और अभिषेक हथियार लेकर सोमदत के घर पहुंचे। वहां पर गोली चलाई, बीच बचाव के लिए आए सोमदत के चाचा विजय पाल को गोली लग गई। घायल विजयपाल को गन्नौर सामुदायिक केंद्र में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गोली की आवाज सुनकर भीड़ एकत्र हो गई और लोगों ने हमलावरों को घेर लिया और ईंट, पत्थर लाठियों से उन पर हमला कर दिया। दोनों ही लहूलुहान हो गए।

दोनों भाईयों ने खड़ा कर रखा था बॉक्सर गैंग

अगवानपुर निवासी अभिषेक और अश्विनी दोनों भाई हैं। इन पर पहले भी लूट, हत्या के प्रयास समेत 5 विभिन्न धाराओं में पहले से 5 केस दर्ज थे। दोनों ने खुद का बॉक्सर के नाम से गैंग खड़ा किया था। 3 साल से दोनों आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं।

इन्होंने करीब डेढ़ साल पहले अपने चचेरे भाई सिमरन की शादी में फायरिंग की थी। एक व्यक्ति को गोली भी लगी थी। इसी को लेकर सिमरन और दोनों भाईयों में रंजिश चली आ रही थी। सोमवार शाम को दोनों ने सिमरन पर भी गोली चलाई, लेकिन वह बच गया।

पुलिस ने किए हालात काबू में

सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी डीसीपी गौरव राजपुरोहित, गन्नौर के एसीपी गौरखपाल राणा, गन्नौर पुलिस थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस दलबल के साथ अगवानपुर धानक मौहल्ले में घटना स्थल पर पहुंचे और हालात को काबू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल सोनीपत और खानपुर पीजीआई में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।