हरियाणा के सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में एक फैक्ट्री मालिक के साथ वहां काम करने वाले 6 कर्मचारियों ने ही लूटपाट की। उसे ऑफिस में बंद कर कर्मचारी गाड़ी में रखे डेढ़ लाख रुपए, गाड़ी और फैक्ट्री की बाइक लेकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
विस्तार में…
दिल्ली के पीतमपुरा निवासी अंशुल अग्रवाल ने बताया कि उसकी सोनीपत-दिल्ली बॉर्डर पर सैदपुर में फैक्ट्री है। जहां 6-7 महीने से सुरजीत, बलबीर, लंबू, हज्जु और 2 अन्य व्यक्ति काम कर रहे थे। अंशुल ने बताया कि लोग 15 अगस्त की शाम को 6 बजे उसके दफ्तर में आए और उसकी गाड़ी की चाबी, उसका आई फोन, फैक्ट्री की बाइक लेकर चले गए। साथ ही जाते हुए उसे अंशुल को ऑफिस में बंद कर ताला लगा गए।
वहीं अंशुल ने यह भी बताया कि वे उसकी गाडी के साथ उसमें रखे 1 लाख 50 हजार रुपए भी ले गए। इस सब के बाद अंशुल ने पुलिस को मामले की शिकायत दी।
जिसमें उसने पुलिस को बताया कि इन सब में से सुरजीत, बलबीर और लंबू इन तीनों ने ये सब लालच में किया है। उसने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों को गिरफ्तार करने ओर लूटा गया सामान बरामद कराने की मांग की।
वहीं थाना खरखौदा के ASI नरेश ने बताया कि अंशुल की शिकायत के अधार पर पुलिस ने सुरजीत, बलबीर और लंबू व अन्य पर धारा 408/34 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

