Haryana Politics : हरियाणा के सोनीपत लोकसभा प्रत्याशी मोहनलाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार को मिनी सचिवालय पहुंचकर अपना नामांकन भरा। नामांकन के दौरान प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मौजूद रहे। वहीं नामांकन से पहले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जनसभा को संबोधित किया।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का लगातार ग्राफ बढ़ रहा है। जनता के उत्साह और प्यार के कारण अच्छे मार्जिन के साथ भाजपा जीत दर्ज करेगी। वहीं उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी ने वायानाड को धोखा दिया है। वायानाड से राहुल गांधी को हार मिलने वाली है और हार उन्हें सता रही है। यही उनकी बौखलाहट है। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस की गुटबाजी चुनाव रहने तक बनी रहेगी।
मिनी सचिवालय में सोनीपत लोकसभा प्रत्याशी मोहनलाल बड़ौली ने नामांकन के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा पार्टी का लगातार ग्राफ बढ़ रहा है। 10 साल से नरेंद्र मोदी राज कर रही है और उसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा 400 सीट को पार करेगी। वहीं मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश की 10 सीट सहित करनाल की विधानसभा सीट पर भी भारतीय जनता पार्टी जीत दर्ज करेगी। जनता के उत्साह और प्यार के कारण अच्छे मार्जिन के साथ भाजपा जीत दर्ज करेगी। हिमांशु बुद्धिराजा को जमानत मिलने के बाद मनोहर लाल ने कहा कि यह कोर्ट का मामला है। कोर्ट ने ही उसे पीओ घोषित किया था और उन्होंने ही अब जमानत दी है।

वहीं मनोहर लाल ने कहा कि पिछली बार कांग्रेस 52 सीटों पर आई थी। साढ़े 400 सीट पर उनकी लड़ाई थी, लेकिन इस बार उनकी लड़ाई 245 पर बन रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अपनी सीट इस बार 52 से भी कम आएगी। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जनता लोकसभा प्रत्याशी को लेकर यह कहने लगी है कि दो भाइयों में से एक भाई राहुल गांधी का भाई है और दूसरा नरेंद्र मोदी का भाई है। उन्होंने कहा कि चुनाव नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के बीच है। 10 साल क़े दौरान जनमानस बना है। जिस प्रकार से भाजपा ने काम किया है और मोदी की यह गारंटी है। व्यवस्था को साफ सुथरा करना है और देश को और आगे बढ़ाना है।
मनोहर लाल ने कांग्रेस की गुटबाजी को लेकर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि उनकी गुटबाजी चुनाव रहने तक बनी रहेगी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान संविधान बचाने को लेकर उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा की बात को सीरियस न लें और जनता को सब मालूम है। मोदी ने कहा है कि अब डॉ. भीमराव आंबेडकर भी अगर दोबारा जन्म लेकर आ जाएं तो संविधान में बदलाव नहीं हो सकता, क्योंकि इस संविधान में पहले से ही सार्वभौमिक है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि इस विधान को बदलना या हटाना कांग्रेस की बौखलाहट बता रही है। छठे फेस का चुनाव है और पांचवें फेस की चुनावी रैली आज चल रही हैं। उन्होंने कहा कि 10 की 10 लोकसभा सीटों को लेकर बड़ी रैली की जाएंगी। वहीं रोहतक में राजनाथ के आने से जनता का उन्हें आशीर्वाद मिला है।

वहीं सोनीपत लोकसभा प्रत्याशी मोहनलाल बड़ौली ने नामांकन भरने के उपरांत कहा कि आज लोकसभा के लिए उन्होंने नामांकन भरा है। नामांकन के दौरान एक बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी है। उससे भाजपा का एक तरफ माहौल लग रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी लेट उतारा है, लेकिन दिया तो हैं। उन्होंने हुड़्डा पर पलटवार करते हुए कहा कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोंचने वाली बात कांग्रेस के साथ फिट बैठती है। वहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर बयानबाजी नहीं करेगी तो और भी जमीन पर बैठ जाएगी, क्योंकि वह पहले से ही जमीन पर बैठी हुई है। इस दौरान उन्होंने भाजपा में शामिल होने वाली बबीता दहिया का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि सैकड़ों लोग दूसरी पार्टियों को छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।





