Sonipat जिले के रिढाऊ गांव में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में शनिवार को भीषण आग लगने से तीन लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि करीब सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। माना जा रहा है कि आग गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद लगी। घायलों को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
सूचना के अनुसार, गांव रिढाऊ में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री चलाई जा रही थी, जहां अचानक आग भड़क गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों में एक महिला और एक बच्चे के जले हुए शव बरामद किए गए हैं।
झुलसे हुए लोगों की पहचान
घायल व्यक्तियों में फरमान (उम्र 26), याशमीन (फरमान की पत्नी, उम्र 23), एकरा (उम्र 22), सिदरा (उम्र 18), असरा (उम्र 21), आशी (उम्र 28), और अंजली (उम्र 27) शामिल हैं। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
पुलिस जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई है। माना जा रहा है कि यह फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित की जा रही थी और स्थानीय ग्रामीणों को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस फैक्ट्री के मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही है और मामले की गहन छानबीन जारी है।