Young man committed suicide by hanging himself

Sonipat : होटल में प्रेमी युगल ने की आत्महत्या, साथ में 3 साल का बच्चा

सोनीपत

हरियाणा के Sonipat में एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक होटल में ठहरे प्रेमी युगल ने आत्महत्या कर ली। दोनों के शव फंदे पर लटके हुए मिले। महिला के साथ ढाई-तीन साल का बच्चा भी था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने होटल से मिले पते के आधार पर परिजनों को बुलाया और बच्चे को वारिसों के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक बताया गया है कि बुधवार को एक महिला, पुरुष और एक ढाई साल का बच्चा गोहाना में रोहतक रोड पर स्थित होटल डायमंड में पहुंचे थे। कपल ने खुद को पति-पत्नी बताकर कमरा लिया। रात को उन्होंने खाना भी खाया। व्यक्ति ने अपना नाम सतपाल (26) और महिला का नाम खुशबू बताया। जानकारी के अनुसार, दोनों भिवानी से आए थे। खुशबू विवाहित थी और अपने पति के मौसी के लड़के सतपाल के साथ चार दिन पहले घर से भागी थी। पुलिस के अनुसार दोनों के अवैध संबंध थे।

बच्चे के रोने की आवाज से हुआ शक

सुबह होटल स्टाफ को कमरे में कोई हलचल नहीं दिखी। दरवाजा खटखटाया गया तो बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा खोला तो महिला और पुरुष फंदे पर लटके हुए मिले। दोनों की मौत हो चुकी थी। मोबाइल नंबर से परिजनों को सूचित किया गया। परिजनों के आने पर पता चला कि वे पति-पत्नी नहीं, बल्कि प्रेमी युगल थे। महिला की शादी हो चुकी थी और बच्चा उसका ही था।

Whatsapp Channel Join

खिड़की से दिखे फंदे पर लटके

होटल के कर्मियों ने बताया कि कपल और बच्चा कल ही होटल में रुके थे। सुबह दस बजे चेकआउट का समय था। जब सफाई कर्मी दरवाजा खटखटाने गया तो काफी समय तक कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर दोनों फंदे पर लटके दिखे।

महिला के पति ने दी जानकारी

महिला के पति ने बताया कि चार दिन पहले दोनों गायब हो गए थे। मृतक महिला मेरी पत्नी खुशबू है और सतपाल उसकी मौसी का लड़का था। दोनों के गायब होने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवाई थी। आज उनके सुसाइड की सूचना मिली तो हम यहां पहुंचे। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

अन्य खबरें