Breaking News : हरियाणा के जिला सोनीपत में बड़ी खबर आ रही है। सोनीपत के राई औद्यौगिक क्षेत्र स्थित एक बेल्ट बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी फंस गए। इस बीच सिलेंडरों में भी ब्लास्ट हुए और पूरा इलाका दहल गया। फैक्ट्री में फंसे कई कर्मचारियों को बाहर निकाला गया, लेकिन वह बुरी तरह से झुलस चुके थे। आधा दर्जन से ज्यादा कर्मियों को नागरिक अस्पताल में लाया गया है। उनकी हालत गंभीर है। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर आग पर काबू पाने में लगी हैं।
प्रारंभिक जानकारी अनुसार राई औद्यौगिक क्षेत्र में दोपहर बाद 4 बजे के करीब रबड़ की बेल्ट बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में लंच के बाद कर्मचारी काम कर रहे थे। फैक्ट्री में रबड़ भरे होने की वजह से आग इतनी तेजी से फैली कि वहां काम कर रहे 7-8 कर्मचारी बाहर ही नहीं निकल पाए। इस बीच फैक्ट्री में सिलेंडरों में भी ब्लास्ट होने शुरू हो गए। इससे पूरा क्षेत्र दहल उठा।

इस दौरान आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे लोग मदद के लिए पहुंचे। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद अंदर फंसे कर्मियों को बाहर निकाला गया। बुरी हालत में झुलसे 5-6 कर्मियों को सोनीपत के नागरिक अस्पताल में लाया गया है। उनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
