(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) पानीपत के खंड समालखा स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में चल रहे 56वें महिला सब जूनियर और सीनियर राज्य स्तरीय टेबल टेनिस टूर्नामेंट का समापन किया गया। समापन कार्यक्रम में बतौर अतिथियों के रूप में डीडब्ल्यूपीएस के अध्यक्ष रमेश रेवड़ी, उपाध्यक्ष जगदीश अरोड़ा, स्कूल की डायरेक्टर डॉ. सपना गुप्ता और एकेडमिक की डायरेक्टर अर्चना जैन ने शिरकत की। इस दौरान अतिथियों और स्कूल प्रबंधन ने विजेता खिलाड़ियों को आर्शीवाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्कूल की डायरेक्टर डॉ. सपना गुप्ता ने बताया कि टूर्नामेंट में हरियाणा के 21 जिलों की टीमों ने भाग लिया। इनमें सिरसा, रेवाड़ी, नूंह, झज्जर, पंचकूला, फरीदाबाद, पानीपत, सोनीपत, जींद, हिसार, कैथल, फतेहाबाद, यमुनानगर, गुरुग्राम, पलवल, अंबाला, रोहतक, करनाल, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, कुरुक्षेत्र, भिवानी जिलों की टीमों ने भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस मौके पर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के टेबल टेनिस के कोच रवि गोस्वामी, शारीरिक शिक्षा विभाग से रामबली, विनोद पंवार, ममता साह और निर्णायक मंडल की ओर से टूर्नामेंट के परिणाम घोषित किए गए।
डॉ. सपना गुप्ता ने बताया कि अंडर-14 आयु वर्ग में गुरुग्राम ने प्रथम, सोनीपत ने द्वितीय, फरीदाबाद ने तृतीय और हिसार की टीम ने चौथा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 आयु वर्ग के मुकाबलों में गुरुग्राम ने प्रथम, हिसार ने द्वितीय, फरीदाबाद ने तृतीय और पंचकूला की टीम ने चौथा स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-19 आयु वर्ग में गुरुग्राम की टीम पहले, रोहतक दूसरे, फरीदाबाद तीसरे और रेवाड़ी की टीम चौथे स्थान पर रही।
इस दौरान डीडब्ल्यूपीएस के अध्यक्ष रमेश रेवड़ी ने विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर उन्हें आगे भी इसी तरह खेलों में अपनी प्रतिभा को उजागर करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आप इस प्रकार ही मेहनत करते रहे और दिन दोगुनी रात चौगुनी उन्नति करें। उपाध्यक्ष जगदीश अरोड़ा खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के दौर में लड़कियां हर क्षेत्र में लड़कों को न केवल टक्कर देती हैं, अपितु उसके परिणाम भी सकारात्मक ही आते हैं, इसलिए बेटियों को बेटों के समान अधिकार मिलने चाहिए। जिससे वह अपना और परिवार का नाम देश-विदेश में रोशन कर सके।
डायरेक्टर डॉ. सपना गुप्ता ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि आपको अपने लक्ष्य को प्राप्त करना है तो अथक प्रयास करना जरूरी है। आप निरंतर अपने पथ पर अग्रसर रहें। एकेडमिक डायरेक्टर अर्चना जैन ने विजय टीमों को उनकी अग्रिम प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपने परिश्रम से ही आप अपने देश और प्रदेश को सर्वोपरि बना सकते हैं। जिसके लिए प्रयास बेहद जरूरी है। स्कूल प्रबंधन ने टेबल टेनिस टूर्नामेंट के सफल आयोजन पर कोच रवि गोस्वामी और उनकी सहयोगी टीम की भी सराहना की।

