➤ नशा मुक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों को दिलाई शपथ
➤ युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
➤ सरकारी अस्पतालों में फ्री इलाज की सुविधा उपलब्ध
समालखा, अशोक शर्मा
पुलिस अधीक्षक पानीपत द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत मंगलवार को गवर्नमेंट हाई स्कूल अधमी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीएसपी समालखा नरेंद्र कादियान की देखरेख में एएसआई जगपाल सिंह ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणाम विस्तार से समझाए और उन्हें जीवन में कभी भी नशा न करने की शपथ दिलवाई।

युवाओं में बढ़ रही मानसिक बीमारियां
एएसआई जगपाल ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण युवा वर्ग तेजी से मानसिक बीमारियों की गिरफ्त में आ रहा है। इसके चलते परिवार टूट रहे हैं और सामाजिक ताना-बाना बिगड़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि प्रदेश सरकार लगातार नशा मुक्ति के लिए अभियान चला रही है, जिसके तहत सरकारी अस्पतालों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और नशा करने वालों का मुफ्त इलाज सरकारी अस्पताल, पानीपत में किया जाता है।

देश को नशे से आजाद करना होगा
कार्यक्रम के दौरान एएसआई जगपाल ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “जैसे हमारे पूर्वजों ने अंग्रेजों से देश को आजाद करवाया था, वैसे ही हमें नशे से भी अपने देश को आजाद करवाना है।” उन्होंने विद्यार्थियों से संकल्प दिलवाया कि वे खुद भी नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इससे बचने के लिए प्रेरित करेंगे।

