➤ संगारेड्डी की फार्मा फैक्ट्री में ब्लास्ट से 34 की मौत, 31 शव मौके से मिले, 3 अस्पताल में तोड़े दम
➤ सुबह 8.15 बजे के करीब हुआ धमाका, रिएक्टर यूनिट पूरी तरह तबाह, 100 मीटर दूर तक गिरे मजदूर
➤ PM ने किया मुआवजे का ऐलान, कंपनी के शेयरों में 9.89% की गिरावट
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले की सिगाची इंडस्ट्रीज की फार्मास्यूटिकल फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में मरने वालों की संख्या 34 तक पहुंच गई है। पुलिस के अनुसार, 31 शव फैक्ट्री से बरामद किए गए, जबकि 3 घायलों की मौत अस्पताल में हुई। घटना में 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना तेज था कि कई मजदूरों के शव 100 मीटर दूर तक जा गिरे।
धमाका 30 जून की सुबह 8:15 बजे पाशमिलारम इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सिगाची इंडस्ट्रीज की रिएक्टर यूनिट में हुआ। बताया जा रहा है कि शिफ्ट शुरू होने के बाद मजदूरों से मोबाइल जमा कर लिए जाते थे, इसलिए हादसे के वक्त भीतर क्या हुआ, इसकी जानकारी देर से मिल सकी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने PMNRF से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार देने की घोषणा की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के वक्त 50 से ज्यादा लोग फैक्ट्री में मौजूद थे। रिएक्टर यूनिट पूरी तरह तबाह हो गई है और फैक्ट्री की एक दीवार भी गिर गई। फायर ब्रिगेड की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फैक्ट्री में काम करने वालों में अधिकांश मजदूर यूपी, एमपी, बिहार, ओडिशा और बंगाल के रहने वाले थे। एक मजदूर के परिवार के चार सदस्य उसी शिफ्ट में काम कर रहे थे, जिनमें से तीन अब लापता हैं।
सिगाची इंडस्ट्रीज भारत की प्रमुख माइक्रोक्रिस्टलाइन सेलुलोज (MCC) निर्माता है, जिसके उत्पाद 65 देशों में एक्सपोर्ट होते हैं। कंपनी के शेयरों में घटना के बाद 9.89% की गिरावट आई।

