पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर 13/17 पुलिस ने रेलवे में नौकरी लगवाने व ठेके दिलवाने के नाम पर विभिन्न लोगों से 36 लाख रूपए की ठगी मामले में आरोपी को अंबाला से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सुधीर निवासी बसंत विहार दिल्ली हाल किरायेदार सौंधापुर के रूप में हुई।
थाना सेक्टर 13/17 प्रभारी इंस्पेक्टर विलासा राम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी शिकायत में सोनीपत जिला के गांव सनपेड़ा निवासी कृष्ण पुत्र रामेहर ने बताया था कि वह खेती बाड़ी का काम करता है उसके दो बेटे है। किसी युवक ने उसको दिल्ली बसंत विहार निवासी सुधीर पुत्र रामशरण से मिलवाया था। तब रामशरण ने स्वयं को रेलवे में बड़े पद पर कार्यरत बताते हुए कहा कि वह उसके दोनों बेटों को रेलवे में नौकरी लगवा देगा। इसके लिए उसने 20 लाख रूपए मांगे।
फर्जीवाड़े का पता लगने पर आरोपी जान से मारने की देने लगा धमकी
वर्ष 2018 में सुधीर ने उसको पानीपत जीटी रोड़ पर स्थित हन्नु स्वीट्स कार्नर पर बुलाकर दोनों लड़कों के रेलवे के फार्म भरे व उससे 10 लाख रूपए ले गया। इसके बाद वर्ष 2019 में सुधीर ने उसको हन्नु स्वीट्स कार्नर पर बुलाया कहा मेडिकल के बाद दोनों बेटों का ज्वाइनिंग लेटर आ जाएगा। वहा पर सुधीर मेडिकल के नाम से 5 लाख रूपए उससे और ले लिए। बाद में सुधीर आज कल काम होने की बात कहकर टालता रहा। उसने सुधीर के फर्जीवाड़े के बारे में जानकारी मिलने पर अपने पैसे मांगे तो सुधीर ने पैसे देने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी देने लगा। सुधीर ने रेलवे का अपना फर्जी आईडी कार्ड बनवा रखा है। सुधीर ने उसके बेटों को नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी कर उससे 15 लाख रूपए की ठगी कर ली।

आरोपी काफी लोगों के साथ कर चुका है ठगी
कृष्ण ने शिकायत में बताया उसको बाद में पता चला सुधीर ने काफी लोगों के साथ इस प्रकार से ठगी की हुई है। सधीर ने समालखा की पंचवटी कॉलोनी निवासी राजीव से रेलवे में स्क्रैप का ठेका दिलवाने के नाम पर 12 लाख रूपए की ठगी, गांव गढ़ी छाजू निवासी देवेंद्र से उसके भांजे को रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर 3.50 लाख रूपए की ठगी, सोनीपत के गांव जागसी निवासी राकेश से रेलवे में नौकरी के नाम पर 1.25लाख रूपए की ठगी, गंगाराम कॉलोनी निवासी पूजा पत्नी अशोक से उसके भाई को रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर 1.50लाख रूपए की ठगी कर चुका है।
वहीं गांव गढ़ी छाजू निवासी सोनू से उसके भाई को रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर 1.50 लाख रूपए की ठगी, सोनीपत के गांव बिधल निवासी महिला मोसमी पत्नी सतबीर से उसके लड़के को नौकरी लगवाने के नाम पर 1.50लाख रूपए की ठगी कर रखी है। सोनू निवासी गढ़ी छाजू की शिकायत आरोपी के खिलाफ थाना समालखा में मुकदमा दर्ज है। कृष्ण की शिकायत पर आरोपी सुधीर के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत थाना सेक्टर 13/17 में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
अंबाला से किया गिरफ्तार
इंस्पेक्टर विलासा राम ने बताया कि थाना सेक्टर 13/17 पुलिस ने बुधवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी सुधीर को अंबाला से गिरफ्तार किया। प्रारंम्भिक पूछताछ में आरोपी ने ठगी की उक्त वारदातों को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया वर्ष 1998 में वह रेलवे में ग्रुप सी नौकरी लगा था। बाद में गैर हाजिर होने के कारण वर्ष 2010 में उसको नौकरी से निकाल दिया था। आरोपी सुधीर ने इसके बाद रेलवे में नौकरी लगवाने व ठेके दिलवाने के नाम पर लोगों से ठगी करनी शुरू कर दी। गहनता से पूछताछ करने व ठगी गई नकदी बरामद करने के लिए पुलिस ने वीरवार को आरोपी सुधीर को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।

