फरीदाबाद: 1857 की क्रांति के अमर शहीद और बल्लभगढ़ रियासत के राजा नाहर सिंह की 202वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जाट समाज (बल्लभगढ़) द्वारा एक भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजा नाहर सिंह महल में आयोजित इस कार्यक्रम में सर्व समाज की भागीदारी रही, जिसमें केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के तौर पर बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद राजा नाहर सिंह की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने राजा नाहर सिंह के बलिदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कम उम्र में देश के लिए प्राण त्याग देने वाले राजा नाहर सिंह की वीरता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी। हमें गर्व है कि हमारे पूर्वजों ने स्वतंत्र भारत की नींव अपने खून से सींची है।
भारत रत्न की मांग को मिला समर्थन
कृष्णपाल गुर्जर ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह से संवाद करते हुए राजा नाहर सिंह को भारत रत्न दिए जाने की उठती मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान अमूल्य है और उन्हें सर्वोच्च सम्मान मिलना चाहिए। मैं इस मांग को केंद्र सरकार के समक्ष अवश्य रखूंगा।
युवाओं को इतिहास से जोड़ने की अपील
मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल इतिहास से जोड़ते हैं बल्कि नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करें और उसे अपने बच्चों तक पहुँचाएं।
विधायक ने कहा– शहीद किसी एक जाति या धर्म के नहीं, पूरे राष्ट्र के होते हैं
बल्लभगढ़ विधायक पंडित मूलचंद शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शहीदों की शहादत को जाति या मजहब से जोड़ना अनुचित है। वे पूरे देश के लिए लड़ते हैं, उनका सम्मान करना हम सबका कर्तव्य है। ऐसे कार्यक्रमों के जरिए हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्र की सरदारी और गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
इस ऐतिहासिक अवसर पर राजा नाहर सिंह के वंशज नरवीर सिंह तेवतिया, जाट सभा बल्लभगढ़ के प्रधान सुभाष चौधरी, टीपरचंद शर्मा, आनंदपाल राठी, रिछपाल लांबा, दयाचंद यादव, प्रेम खट्टर, संदीप चौधरी, लखन बेनीवाल, डॉ. अजय भट्टाचार्य सहित क्षेत्र की प्रमुख सरदारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।