हरियाणा के गोहाना की जलेबियां न सिर्फ अपनी मिठास के लिए मशहूर हैं, बल्कि यह राजनीति में भी चर्चा का विषय बन चुकी हैं। हाल ही में हरियाणा विधानसभा में भी यह जलेबियां सुर्खियों में रहीं, जब वरिष्ठ मंत्री अरविंद शर्मा ने इसकी शुद्धता प्रमाणित करने के लिए विधानसभा परिसर में ही इसे बनवाया।
राजनीतिक मंच पर जलेबियों की चर्चा
गोहाना की जलेबियों का राजनीतिक मंच पर जिक्र तब शुरू हुआ जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने भाषण में इसका उल्लेख किया। इसके बाद भाजपा ने इस मुद्दे को चुनावी मंचों पर खूब भुनाया, जिससे यह चर्चा का केंद्र बन गया। हरियाणा विधानसभा के भीतर भी यह बहस का विषय बना, जब दो वरिष्ठ नेताओं—अरविंद शर्मा और रामकुमार गौतम इसकी शुद्धता पर तंज कसते नजर आए।
विधानसभा में बनीं गोहाना की जलेबियां
बात इतनी बढ़ी कि विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण को टोकना पड़ा और उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि गोहाना की जलेबियों का जिक्र तो खूब हुआ, लेकिन इन्हें कब खिलाओगे? इसके जवाब में अरविंद शर्मा ने 17 मार्च को विधानसभा में जलेबी पार्टी आयोजित करने की घोषणा कर दी।
इस आयोजन के लिए विशेष रूप से गोहाना से स्वर्गीय मातुराम की तीसरी पीढ़ी—नीरज गुप्ता और विजय कुमार को बुलाया गया, जिन्होंने देसी घी में पारंपरिक तरीके से जलेबियां बनाईं। इन जलेबियों को दूध-रबड़ी के साथ विधायकों, मंत्रियों, पत्रकारों और अधिकारियों को परोसा गया, जिसने सभी का दिल जीत लिया।
दिल्ली तक गूंज चुकी है गोहाना की जलेबियों की मिठास
गोहाना की जलेबियों की चर्चा हरियाणा तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी इसका जिक्र सुनने को मिला। आम लोगों की चौपालों और बैठकों में भी यह चर्चा आज तक कायम है।