गुरुग्राम में एक शादी उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब बारात के लेट पहुंचने से नाराज लड़की पक्ष ने न सिर्फ रिश्ता तोड़ दिया, बल्कि शादी में हुआ सारा खर्च और दहेज का सामान भी वापस ले लिया। लड़के वालों पर दहेज मांगने के आरोप लगे, जिसके बाद मैरिज पैलेस में ही बारात को 15 घंटे तक बंधक बना लिया गया।
लड़की के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी की शादी जुडोला गांव निवासी मोहित से तय थी। लेकिन बारात रात 2 बजे मैरिज पैलेस पहुंची, जिससे लड़की पक्ष पहले ही नाराज था। इसके बाद नीम चढ़ाई और वारफेर की रस्म के दौरान मामला बिगड़ गया।
आरोप है कि दूल्हे के चाचा ने महिलाओं को धक्का दिया और कहा कि “हमें एक करोड़ चाहिए, नहीं तो दूल्हे को वापस ले जाएंगे।” जब गांव के सरपंच और मौजिज लोगों ने समझाने की कोशिश की, तो लड़के के भाई ने दुल्हन को लात मार दी और मारपीट कर वहां से भागने लगे। भागते समय बारातियों ने हवाई फायरिंग भी की।
फॉर्च्यूनर की मांग, ब्रेजा लौटाई
लड़की पक्ष ने पहले ही वर पक्ष को ब्रेजा कार दे दी थी, लेकिन लड़के वाले फॉर्च्यूनर और 51 लाख रुपए नकद की मांग पर अड़े थे। जब मामला बढ़ा तो पुलिस पहुंची और पंचायत बैठी, जिसके बाद तय हुआ कि लड़का पक्ष 73 लाख रुपए लड़की पक्ष को देगा।
समझौते के नाम पर जमीन और मकान की डील
लड़के वालों के पास रकम नहीं होने के कारण उन्हें एक प्लॉट और मकान का एग्रीमेंट करना पड़ा। समझौते के तहत मनोज यादव (निवासी: साढ़राणा) ने 73 लाख देने की जिम्मेदारी ली, जिसके बदले लड़के पक्ष ने फाजिलपुर बादली में 4 कनाल जमीन और जुडोला में 220 गज का दो मंजिला मकान एग्रीमेंट में दिया। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस की मौजूदगी में बारातियों को वापस भेज दिया गया।