हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने ओलावृष्टि से किसानों की फसल खराब होने पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल के नुकसान की पूरी भरपाई की जाएगी। वहीं उन्होंने पंजाब पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में दो फसलों की एमएसपी पर खरीद होती है, जबकि हरियाणा में 14 फसलों की एमएसपी की खरीद की जाती है। पंजाब से जब भी पानी मांगा जाता है तो एक बूंद भी पानी देने से इनकार कर दिया जाता है। किसान के नाम पर ऐसा ट्रेंड चल गया है कि कहीं भी किसी भी कोने में 10 आदमी बैठा दिए जाते हैं।
कृषि मंत्री जेपी दलाल हरियाणा के जिला सोनीपत के हलका बरोदा के गांव कथूरा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ने से पार्टी 400 पार पहुंच पाएगी। वहीं उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा पार्टी में काफी फर्क है। भाजपा पन्ना प्रमुख तक पहुंच चुकी हैं, लेकिन कांग्रेस में अभी तक जिला अध्यक्ष भी नहीं बन पाए हैं। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि बड़े दुख की बात है कि भारी ओलावृष्टि हुई है। किसानों ने बहुत ज्यादा मेहनत की थी। जिसके चलते किसानों को बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है।

जेपी दलाल ने कहा कि शाम के समय कई क्षेत्रों का भी उन्होंने जायजा लिया था और प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से भी इस विषय में बातचीत हुई है। उनके माध्यम से ट्विट भी किया गया है। मंत्री ने कहा कि किसानों की फसल नुकसान की भरपाई की जाएगी। इसको लेकर मुख्यमंत्री ने संज्ञान भी लिया है। किसान भाइयों की मदद पूरी तरह से की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव के लिए पहले से पूरी तरह तैयार रहती है। भारत में तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों जिस प्रकार का विश्वास बढ़ा है, उससे यह तय है कि भाजपा पार्टी 400 पार पहुंच पाएगी।
किसानों के हालात के लिए केवल भाजपा जिम्मेदार नहीं
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि आज हर पार्टी किसान हितैषी होने का नरेटिव बना रही है। इस बात से भी गुरेज नहीं किया जा सकता कि किसानी करना सबसे कठिन काम है। मुश्किल व्यवसाय खेती-बाड़ी का है। उन्होंने कहा कि सारे कारोबार आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन किसान की हालत ज्यादा अच्छी नहीं हुई है। किसान के ऐसे हालात के लिए भाई या एक अकेली पार्टी भाजपा जिम्मेदार नहीं है। अगर कोई ऐसा कहता है तो वह किसान हितैषी नहीं है।

आजादी के बाद से किसानों की तरह नहीं दिया गया ध्यान
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद किसान के लिए जो काम होना चाहिए था, वह नहीं हुआ। प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों से संबंधित हर कार्य की तरफ ध्यान दिया है। बरोदा हलके के गांव बनवासा में जहां पर काफी पानी खेतों में भरा रहता था। मुख्यमंत्री से बात करके 1200 करोड़ रुपये की योजना लागू की गई। उन्होंने कहा कि पिछले राज की तुलना में इस बार किसानों को बासमती धान का सबसे ज्यादा पैसा मिला है। आज ऐसी कोशिश की जा रही है कि भाजपा किसान विरोधी है।
आज किसान के नाम पर चला ट्रेंड
जेपी दलाल ने कहा कि वह खुद एक किसान के बेटे हैं और कोई भी काम ऐसा नहीं होने देंगे, जो किसान के हित में न हो। उन्होंने कहा कि आज किसान के नाम पर ऐसा ट्रेंड चल गया है कि कहीं भी किसी भी कोने में 10 आदमी बैठा दिए जाते हैं और उन्हें किसान बता दिया जाता है। वहीं कुछ लोगों द्वारा यह भी चलाई गई कि भाजपा के लोगों को किसी भी गांव में एंट्री न दी जाए। ऐसा पहले किसी भी राज में नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 14 फसलों पर एमएसपी खरीद होती है। हरियाणा जैसी मंडी हरियाणा जैसी खरीद देश में कहीं भी नहीं होती है।

एसवाईएल का पानी दे दिया तो आंदोलन तोड़ने का देंगे हवाला
उन्होंने पंजाब पर निशाना साधते हुए कहा है कि पंजाब में केवल दो फसलों की एमएसपी पर खरीद की जाती है। पहले जब 12 महीने से ज्यादा अलग-अलग बॉर्डर आंदोलन के चलते बंद रहे। उस दौरान यह कहा गया कि एसवाईएल का पानी दे दिया जाए तो पानी की मांग के बाद आंदोलन तोड़ने हवाला देने लगे थे। जब भी पानी मांगा जाता है तो एक बूंद भी पानी देने से इनकार कर दिया जाता है। जेपी लाल ने कहा कि हमारे हरियाणा के अंदर पानी की कमी है और संकट है।