road dispute

रास्ते का विवाद : दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, दो लोगों की पीट-पीट कर हत्या, कई घायल

फरीदाबाद बड़ी ख़बर हरियाणा

दिल्ली से सटे फरीदाबाद में यमुना किनारे बसे गांव शाहजहांपुर में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। इस झगड़े में दो लोगों की लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। एक पक्ष के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में लाया गया।

वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवाया गया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी अनुसार रविवार को रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में पहले तू-तू मैं-मैं हुई। बाद में विवाद बढ़ने के साथ बात झगड़े में बदल गई। इसके बाद देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। लाठी डंडों से हुई पिटाई में एक पक्ष के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के चार लोगों को ज्यादा चोट लगने से वह घायल हो गए।

Whatsapp Channel Join

बल्लभगढ़ के एसएमओ टीसी गिढ़वाल का कहना है कि यमुना किनारे सेट शाहजहांपुर गांव में दो पक्षों में झगड़ा होने के बाद लाठी-डंडे चले। जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों में अस्पताल पहुंचे दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि अन्य कई लोग घायल हैं। एसएमओ टीसी गिढ़वाल ने बताया कि बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल में कई लोग घायल अवस्था में पहुंचे। शाहजहांपुर के रहने वाले इन लोगों का इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है।

वहीं घायल सचिन के अनुसार उनकी बहन उपला लेने के लिए गई थी तो गांव के एक पक्ष के लोगों ने रास्ते में विवाद के चलते उसकी बहन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में उनके परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।