सोनीपत में सब्जी मंडी के प्रधान ललित की दुकान में रखी अलमारी का ताला तोड़कर 5 लाख रुपये चुराने का मामला सामने आया है। ये सीरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सब्जी मंडी प्रधान ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी कैमरे में चोरी की फुटेज देखी जा सकती है। जिसमें दो आरोपी दुकान में रखी इस लोहे की अलमारी का लॉकर तोड़कर इसमें रखी 5 लाख रुपये से भी अधिक की नगदी को चुरा कर अपनी जेब में भर कर केवल 1 मिनट में ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। इस संबंध में पीड़ित दुकानदार का कहना है कि चोरी की वारदात को उनकी दुकान में ही कार्य करने वाले लोगों ने ही अंजाम दिया है जो बिहार के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर नगदी वापस दिलवाई जाए।

थाना सिविल लाइन पुलिस को जब चोरी की वारदात से संबंधित सूचना मिली तो मौके का मुआवना किया गया और एफएसएल टीम को बुलाकर फिंगरप्रिंट उठाए गए ताकि केस को मजबूती मिल सके। इस दौरान थाना के एसएचओ रविंद्र ने भी मौके का जायजा लिया और पीड़ित दुकानदारों की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी से संबंधित दो पुलिस टीमों का भी गठन कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
10 नंबर दुकान को भी बनाया निशाना
आरोपियों ने सब्जी मंडी में 10 नंबर दुकान को भी अपना निशाना बनाया और वहां पर भी अलमारी में रखे एक लाख रुपए पर भी हाथ साफ कर दिया। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों की पहचान करते हुए जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया किया है। फिलहाल सब्जी मंडी के दुकानदारों ने चोरी की वारदात के बाद मंडी में गश्त बढ़ाने की मांग पुलिस प्रशासन से की है।

