थाना सदर पुलिस भिवानी ने राकेश हत्याकांड में एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हालुवास माजरा देवसर निवासी सुगन सिंह पुत्र जयपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक डंडा भी बरामद किया है।
गौरतलब है कि दिनांक 16 अप्रैल 2025 को हालुवास माजरा देवसर निवासी प्रेम ने थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई थी। प्रेम ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ अपने प्लॉट की पैमाइश कर रहा था, तभी उमेद सिंह अपने परिवार के साथ वहां पहुंचा और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में प्रेम के बेटे राकेश की मौत हो गई, जबकि प्रेम स्वयं और उनके जेठ उदय घायल हो गए। दोनों को सामान्य अस्पताल भिवानी में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल केस दर्ज कर जांच शुरू की। पहले ही दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं और अब तीसरे आरोपी को भी पकड़कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना सदर पुलिस भिवानी के उप-निरीक्षक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई इस गिरफ्तारी को पुलिस प्रशासन एक बड़ी सफलता मान रहा है। वहीं, शेष फरार आरोपियों की तलाश में भी पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।





