➤जम्मू रेल खंड बाधित, ट्रेनों का संचालन प्रभावित
➤अंबाला स्टेशन पर 300 यात्रियों को ढाई लाख रिफंड
➤47 ट्रेनें रद्द, 4 का संचालन बदला गया
लगातार बारिश और बाढ़ के कारण जम्मू रेल खंड बाधित हो गया है, जिससे अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर यात्री परेशान नजर आए। इस बाधा के चलते रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए शुक्रवार को 300 से अधिक यात्रियों को लगभग ढाई लाख रुपए का रिफंड किया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जम्मू जाने वाली ट्रेनों का संचालन पूर्ण रूप से बंद रखा गया। शनिवार को भी 51 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा, जिनमें से 47 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, जबकि 4 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। इस दौरान रेलवे के वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों को यात्रियों की सहायता और मार्गदर्शन करने के विशेष निर्देश दिए गए हैं।
अंबाला कैंट आरक्षण केंद्र पर जम्मू और कटरा की टिकट बुकिंग लगभग बंद हो चुकी है। अब केवल सैन्य कर्मी ही सितंबर माह के लिए एडवांस टिकट बुक करवा रहे हैं। आम यात्री फिलहाल टिकट बुकिंग से दूर हो रहे हैं।
अंबाला डिवीजन के सीनियर डीसीएम नवीन कुमार झा ने बताया कि लगातार बारिश और बाढ़ से रेलवे पुल क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसके कारण जम्मू रेल खंड पर यातायात रुका हुआ है। हालांकि रेलवे जल्द ही मरम्मत कार्य पूरा कर स्थिति सामान्य करने की कोशिश में जुटा है।
रद्द हुई ट्रेनों में 12425, 14661, 14803, 12413, 12355, 19223, 03309, 19027, 13151, 11077, 12331, 74909, 74907, 22401, 22431, 22439, 26405, 22477, 22461, 12588, 11078, 74906, 74910, 22478, 26406, 12920, 12472, 22440, 14610, 14504, 12446, 16032, 22462, 12473, 14691 शामिल हैं। इसके अलावा 12237 को अंबाला कैंट और 18309 को अमृतसर स्टेशन पर रद्द किया गया। वहीं 12238 बेगमपुरा, 14609, 12445, 20433, 19803 का संचालन अंबाला कैंट से और 18102 जम्मूतवी-टाटानगर का संचालन अमृतसर से किया गया।
रेलवे का दावा है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही ट्रेनों का संचालन पूर्ववत कर दिया जाएगा और यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

